Reading: युवा पीढ़ी को वृक्षारोपण जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रमों से जोड़ा जाए : विलम छाजटा

युवा पीढ़ी को वृक्षारोपण जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रमों से जोड़ा जाए : विलम छाजटा

RamParkash Vats
2 Min Read
हिमाचल प्रदेश | जिला सिरमौर उपमंडल संगड़ाह

सिरमौर / कपिल शर्मा


शिलाई। विकासखंड शिलाई की ग्राम पंचायत डाहर में चूड़ेश्वर लीजेंड स्पोर्ट्स एवं सोशल ऑर्गेनाइजेशन तथा नव प्रभात नवयुवक संघ के संयुक्त तत्वावधान में एकदिवसीय वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान दर्जनों युवाओं ने पंचायत क्षेत्र में देवदार के सैकड़ों पौधे रोपे।
वृक्षारोपण कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत डाहर के प्रधान विलम सिंह छाजटा ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी जिस तरह नशे की चपेट में आ रही है, ऐसे में युवाओं को वृक्षारोपण जैसे सामाजिक एवं राष्ट्रीय कार्यक्रमों से जोड़ने के प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज वैश्विक विषय बन चुका है। युवा शक्ति को पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर न केवल हरियाली को बढ़ावा दिया जा सकता है, बल्कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से भी जोड़ा जा सकता है।
चूड़ेश्वर लीजेंड स्पोर्ट्स एवं सोशल ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष संदीप ठाकुर ने बताया कि उनका क्लब खेलकूद गतिविधियों के साथ-साथ हर वर्ष वृक्षारोपण जैसे सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करता है। इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित कर उन्हें समाज और क्षेत्र के विकास के लिए प्रेरित किया जाता है।
चूड़ेश्वर लीजेंड के संस्थापक राजेंद्र छाजटा ने वनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वन पृथ्वी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। घने जंगल हमें प्राणवायु प्रदान करने के साथ-साथ वातावरण में कार्बन डाइऑक्साइड के स्तर को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने घटते वन आवरण पर चिंता जताते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सदस्य मनोज दारटा, नवयुवक मंडल प्रधान वीरू ठाकुर, सहसचिव श्याम सिंह छाजटा, कोषाध्यक्ष दिनेश जिंटा सहित कई दर्जन युवाओं ने भाग लिया और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!