Reading: हर बारिश में बंद हो जाती है संगड़ाह की यह सड़क, कब जागेगा प्रशासन?

हर बारिश में बंद हो जाती है संगड़ाह की यह सड़क, कब जागेगा प्रशासन?

RamParkash Vats
2 Min Read

वालिया लाइमस्टोन माइन का मलवा फिर सड़क पर, कार फंसी — लोगों का फूटा गुस्सा

हिमाचल प्रदेश | जिला सिरमौर उपमंडल संगड़ाह

ब्रेकिंग सिरमौर

संगड़ाह। उपमंडल संगड़ाह में एक बार फिर वही तस्वीर सामने आई है, जो हर बरसात में यहां की पहचान बन चुकी है। भारी बारिश के बाद वालिया लाइमस्टोन माइन की डंपिंग का मलवा सड़क पर आ गया, जिससे HP18 C 6167 नंबर की एक कार मलबे में फंस गई और मार्ग पर लंबा जाम लग गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बार बारिश होते ही वालिया माइन का मलवा सड़क पर आ जाता है, जिसके कारण यह मार्ग घंटों तक बंद रहता है। यह कोई पहली घटना नहीं है। 5 मई को भी इसी स्थान पर एक कार और एक बाइक मलबे में दब गई थी, लेकिन उसके बाद भी स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

जाम में फंसे लोगों ने आरोप लगाया कि माइन की डंपिंग बिना उचित सुरक्षा और प्रबंधन के की जा रही है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में यह सड़क हर बार बंद हो जाती है और स्थानीय लोगों, मरीजों, छात्रों तथा यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पर्यावरणविदों ने भी चेतावनी दी है कि अनियंत्रित खनन और अवैध डंपिंग से सड़कों, जल स्रोतों और आसपास के जंगलों को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।

स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, खनन विभाग और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि वालिया माइन की डंपिंग व्यवस्था की तत्काल जांच कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि हर बरसात में सड़क बंद होने की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
सवाल यही है— आखिर कब तक हर बारिश के साथ यह सड़क बंद होती रहेगी और प्रशासन केवल तमाशा देखता रहेगा?

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!