
महमूदाबाद के कटरा वार्ड में युद्ध स्तर पर शुरू हुआ सफाई अभियान*महमूदाबाद-सीतापुर।राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैनआदर्श नगर पालिका परिषद महमूदाबाद के वार्ड कटरा की बदहाली और जलभराव की खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के 24 घंटे भी नही बीते इसी के भीतर ही इसका बड़ा असर देखने को मिला है।

खबर छपते ही गहरी नींद में सो रहा नगर पालिका प्रशासन हरकत में आ गया और ईओ महमूदाबाद के कड़े निर्देशों पर वार्ड में युद्ध स्तर पर सफाई व जलभराव निस्तारण का कार्य शुरू कर दिया गया है।24 घंटे के भीतर ही नजारा बदल गया, धरातल पर कर्मचारी उतरकर कार्य मे लग गए,
अखबार में वार्ड कटरा की बजबजाती नालियों, टूटी इंटरलॉकिंग और सड़कों पर फैले पानी की समस्या उजागर होते ही नगर पालिका की टीम जेसीबी और सफाई कर्मियों के लाव-लश्कर के साथ मौके पर पहुंच गई।नालों व नालियों की सफाई की जाने लगी और लंबे समय से नालों में उगी झाड़ियों और जमा सिल्ट (गाद) को निकालने का काम तेजी से किया जा रहा है।

सड़कों और गलियों में बने अस्थायी तालाबों से पानी की निकासी के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं, जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में राहत मिलने लगी है। टूटी-धंसी इंटरलॉकिंग और जर्जर रास्तों के त्वरित मरम्मत कार्य के लिए भी खाका तैयार किया जा रहा है।नागरिकों ने राहत की सांस ली, व्यवस्था पर रखी जा रही नजर

जहां कल तक स्थानीय नागरिक पालिका कार्यालय के चक्कर काटकर हताश थे, वहीं अब प्रशासनिक सक्रियता देखकर उन्होंने राहत की सांस ली है। ईओ महमूदाबाद पवन किशोर के स्वयं संज्ञान लेने और सफाई कार्य को प्राथमिकता पर रखने से क्षेत्रवासियों में एक नई उम्मीद जगी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि प्रशासन इसी तरह सजग रहकर कार्य करे, तो किसी भी वार्ड को आदर्श बनने में देर नहीं लगेगी।
नागरिकों ने खबर को प्रमुखता से उठाने और त्वरित कार्रवाई कराने के लिए आभार व्यक्त किया है।नगर पालिका प्रशासन का दावा है कि जल्द ही कटरा वार्ड को पूरी तरह साफ-सुथरा और जलभराव से मुक्त कर दिया जाएगा ताकि जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

