’संविधान बचाओ संवाद कार्यक्रम में गरमाई सियासत, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सरकार पर भी जमकर बोला हमला

महमूदाबाद/सीतापुर। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं वाराणसी से सांसद अजय राय रविवार को सीतापुर के महमूदाबाद क्षेत्र में पहुंचे। गुड़ैचा चौराहे स्थित कृष्णा पैलेस मैरिज लॉन में आयोजित संविधान बचाओ संवाद कार्यक्रम में उन्होंने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के साथ-साथ बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती पर भी तीखा हमला बोला। कार्यक्रम की अगुवाई सांसद राकेश राठौर और अरुणेश यादव ने की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजय राय ने मायावती पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बसपा भाजपा की ‘बी टीम’ के रूप में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों की एकजुटता की जरूरत है और संविधान तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष कर रही है।
अजय राय ने अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे की चोरी के मामले को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि भगवान के मंदिर में चढ़ावा भी सुरक्षित नहीं है तो आम जनता की सुरक्षा को लेकर क्या स्थिति होगी। उन्होंने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि गेरुआ वस्त्र पहनने वाली सरकार को अयोध्या से जुड़े मामलों में कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामलों में भी पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में भगवान भी सुरक्षित नहीं हैं।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों को लेकर अपनी बात रखी। अजय राय के तीखे राजनीतिक बयानों के बाद कार्यक्रम में सियासी माहौल गरमा गया।
कार्यक्रम में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी रही। नेताओं ने आगामी राजनीतिक संघर्ष को लेकर कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।

