Reading: आधुनिक जीवन रक्षक प्रणाली से लैस नई एंबुलेंस की सौगात, डिप्टी सीएमओ ने दिखाई हरी झंडी

आधुनिक जीवन रक्षक प्रणाली से लैस नई एंबुलेंस की सौगात, डिप्टी सीएमओ ने दिखाई हरी झंडी

RamParkash Vats
2 Min Read
महमूदाबाद, सीतापुर।प्रदेश राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन

महमूदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को मरीजों के लिए एक बड़ी सौगात मिली है। अब गंभीर मरीजों को बेहतर और त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अत्याधुनिक जीवन रक्षक प्रणाली (एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट-एएलएस) से सुसज्जित नई एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध हो गई है। इस एंबुलेंस का शुभारंभ डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी (डिप्टी सीएमओ) डॉ. विकास मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद के अधीक्षक डॉ. आशीष कुमार सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि नई एएलएस एंबुलेंस से गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के दौरान ही आईसीयू जैसी प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई जा सकेगी, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों की जान बचाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
नई एंबुलेंस में पोर्टेबल वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सिलेंडर, अत्याधुनिक मल्टीपारा मॉनिटर सहित अन्य जीवन रक्षक उपकरण उपलब्ध हैं। इनकी सहायता से मरीज की हृदय गति, रक्तचाप तथा अन्य महत्वपूर्ण शारीरिक संकेतों की लगातार निगरानी की जा सकेगी। साथ ही एंबुलेंस में प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ और नर्स तैनात रहेंगे, जो आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करेंगे।
डॉ. विकास मिश्रा ने कहा कि शासन का उद्देश्य आमजन को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। नई एएलएस एंबुलेंस के संचालन से सड़क दुर्घटना, हार्ट अटैक तथा अन्य गंभीर बीमारियों के मरीजों को बड़े अस्पताल तक सुरक्षित और बेहतर चिकित्सा सुविधा के साथ पहुंचाया जा सकेगा।
नई एंबुलेंस के संचालन से क्षेत्र के लोगों को निःशुल्क और अधिक प्रभावी आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा, जिससे महमूदाबाद क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!