नूरपुर में बोले— 99.30% साक्षरता के साथ हिमाचल देश के अग्रणी राज्यों में, 150 स्कूलों में चरणबद्ध तरीके से लागू होगा सीबीएसई पाठ्यक्रम
नूरपुर, 28 जुलाई 2026/SCB VIJAY SAMYAL
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने चंबा प्रवास के दौरान नूरपुर स्थित वन विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए पहली कक्षा से अंग्रेज़ी माध्यम में पढ़ाई शुरू की गई है तथा 150 सरकारी विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इन विद्यालयों के लिए अलग शिक्षक कैडर बनाया जाएगा, जिसके तहत 3,500 से 4,000 शिक्षकों की भर्ती होगी। प्रथम चरण में अंग्रेज़ी और गणित विषय के शिक्षकों के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं, जबकि आगामी चरणों में टीजीटी, संस्कृत और कला अध्यापकों की भर्ती की जाएगी।
रोहित ठाकुर ने कहा कि आज़ादी के समय हिमाचल प्रदेश की साक्षरता दर केवल 7 प्रतिशत थी, जो आज बढ़कर 99.30 प्रतिशत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में शिक्षकों की कमी के कारण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मामले में हिमाचल 21वें स्थान पर था, लेकिन वर्तमान सरकार द्वारा 4,000 से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति और अब तक लगभग 8,500 पद भरने के बाद प्रदेश पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।

उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को वैश्विक अनुभव देने के लिए प्रदेश सरकार विदेशों में एक्सपोज़र विजिट पर भी भेज रही है। पेपर लीक के मामलों पर उन्होंने कहा कि सरकार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है।
प्रदेश की वित्तीय स्थिति पर उन्होंने कहा कि आरडीजी ग्रांट और जीएसटी क्षतिपूर्ति बंद होने तथा पुरानी पेंशन योजना लागू होने से वित्तीय चुनौतियां बढ़ी हैं। इसके बावजूद शिक्षा विभाग के लिए ₹9,000 करोड़ से अधिक का बजटीय प्रावधान किया गया है, जो कुल बजट का लगभग 18 प्रतिशत है।
महिलाओं को ₹1,500 प्रतिमाह सहायता राशि के संबंध में उन्होंने कहा कि सरकार वित्तीय संसाधनों को मजबूत करते हुए पात्र महिलाओं को चरणबद्ध तरीके से यह लाभ उपलब्ध करा रही है।इस अवसर पर पूर्व विधायक अजय महाजन, एएसपी डी.सी. वर्मा, तहसीलदार राधिका सैनी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदेश डडवाल, नगर परिषद नूरपुर की अध्यक्षा नीति महाजन, पार्षदगण, शिक्षकगण तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

