सिरमौर / संगड़ाह KAPIL SHARMA
राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह में भारत सरकार के ‘विकसित भारत हेतु नशा मुक्त युवा’ अभियान के अंतर्गत नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने तथा स्वस्थ एवं नशा-मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वेद प्रकाश ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर पोस्टर निर्माण, स्लोगन लेखन एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने पोस्टरों, प्रभावशाली नारों एवं प्रेरणादायक भाषणों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों, स्वस्थ जीवनशैली के महत्व तथा नशा-मुक्त भारत के निर्माण का सशक्त संदेश दिया।
पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में प्रेरणा ने प्रथम, रीतिका ने द्वितीय तथा अखिल ने तृतीय स्थान हासिल किया। स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में लता प्रथम, अंजलि द्वितीय और रचना तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं भाषण प्रतियोगिता में दीक्षा ठाकुर ने प्रथम, अंशिका पुंडीर ने द्वितीय तथा तमन्ना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुति एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता के लिए बधाई दी गई। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने ‘नशा मुक्त भारत’ के निर्माण तथा समाज में नशा उन्मूलन के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

