महमूदाबाद (सीतापुर): राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन, न्यूज़ इंडिया आजतक की पहचान—निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित की पत्रकारिता के साथ हर खबर सबसे पहले, सबसे सटीक।

महमूदाबाद (सीतापुर) राज्य चीफ ब्यूरो : अनुज कुमार जैन
कस्बे के सिधौली रोड पर ओवरब्रिज से चीनी मिल मोड़ तक बदहाल सड़क और जलभराव की समस्या को लेकर रविवार दोपहर समाजवादी लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष मेराज अहमद के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बने पानी से लबालब गहरे गड्ढों में धान की रोपाई कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।

मेराज अहमद ने कहा कि इस मार्ग की हालत लंबे समय से बेहद खराब बनी हुई है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे ऑटो, ई-रिक्शा, बाइक सहित अन्य वाहन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने प्रदेश सरकार के गड्ढामुक्त सड़क अभियान पर सवाल उठाते हुए कहा कि महमूदाबाद नगर क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कें जर्जर अवस्था में हैं। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण बरसात में लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और विकास कार्य भी प्रभावित दिखाई दे रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान मेराज अहमद ने किसानों को खाद न मिलने की समस्या भी उठाई। उन्होंने कहा कि धान की रोपाई का समय चल रहा है, लेकिन किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब खेतों में धान लगाना मुश्किल हो गया है और सड़कें ही खेत जैसी दिखाई दे रही हैं, तो मजबूरन सड़क के गड्ढों में ही धान की रोपाई कर विरोध दर्ज कराया गया।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि सिधौली रोड की तत्काल मरम्मत कराई जाए, जलभराव की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराई जाए, ताकि आम नागरिकों और किसानों को राहत मिल सके।

