संगड़ाह (श्री रेणुका जी), 5 जुलाई 2026, ब्यूरो :
विकास खंड संगड़ाह के अंतर्गत नवगठित ग्राम पंचायत देवामानल ग्रामीण की पहली ग्राम सभा रविवार को देवामानल स्थित पंचायत भवन में उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित हुई। ग्राम सभा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भाग लेकर पंचायत के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर खुलकर चर्चा की। बैठक में सड़क निर्माण, महिला मंडल भवन, शिक्षा, बीपीएल चयन, लंबित भुगतान तथा पूर्व पंचायत के विकास कार्यों की जांच जैसे महत्वपूर्ण विषय प्रमुखता से उठाए गए।

बैठक की अध्यक्षता पंचायत प्रधान सगीता पुंडीर ने की, जबकि उपप्रधान भीम देव पुंडीर उपस्थित रहे। ग्राम रोजगार सेवक सुनील शर्मा ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया।ग्राम सभा में देवठना–नानड़ी–जियाड़ी लिंक रोड के निर्माण की मांग सबसे प्रमुख रही। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क के अभाव में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने और किसानों-बागवानों को अपनी उपज मंडियों तक ले जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
इसके साथ ही नेवल–चदागड़ी सड़क के निर्माण का मुद्दा भी जोरदार ढंग से उठाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि यह वर्षों पुरानी मांग है और सड़क बनने से क्षेत्र के कई गांवों को सीधा लाभ मिलेगा।महिलाओं ने चुनू–चदागड़ी में महिला मंडल भवन के निर्माण की मांग उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में महिला मंडल की बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सामाजिक गतिविधियों के लिए कोई स्थायी भवन उपलब्ध नहीं है। वहीं पंचायत क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में लंबे समय से रिक्त शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों के पदों को शीघ्र भरने की मांग भी की गई। ग्राम सभा में बीपीएल परिवारों के चयन की प्रक्रिया, पात्रता तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई।
बैठक के दौरान ग्रामीण वंदना शर्मा ने भूमि सुधार कार्य का मुद्दा उठाते हुए बताया कि उनका कार्य लगभग एक वर्ष पहले पूरा हो चुका है, लेकिन उन्हें अब तक केवल आधा भुगतान मिला है, जबकि कुछ अन्य कार्य पूरे हुए बिना ही उनका भुगतान कर दिया गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर लंबित भुगतान शीघ्र जारी करने की मांग की।ग्राम सभा के दौरान कपिल शर्मा ने भी पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा कराए गए विकास कार्यों पर अपनी बात रखते हुए कहा कि सूचना के अधिकार (आरटीआई) के माध्यम से प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार कई पुराने कार्य कागजों में पूर्ण दर्शाए गए हैं,
जबकि उनकी वास्तविक स्थिति धरातल पर अलग दिखाई देती है। उन्होंने ऐसे सभी कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की।इस पर पंचायत प्रधान सगीता पुंडीर और उपप्रधान भीम देव पुंडीर ने आश्वासन दिया कि ग्राम सभा में उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से संबंधित विभागों के समक्ष रखा जाएगा तथा आवश्यक मामलों में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। प्रधान सगीता पुंडीर ने कहा कि पंचायत के विकास से जुड़े सभी प्रस्ताव प्रशासन एवं सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाए जाएंगे और जनसहभागिता के साथ पारदर्शी एवं संतुलित विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।बैठक के अंत में पूर्व चेयरमैन विजय सिंह पुंडीर ने पहली ग्राम सभा के सफल आयोजन पर सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर वार्ड सदस्य कमल किशोर, दीपक, वबीता, सगीता, अनीता देवी (लबली), महिला मंडलों, युवक मंडलों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

