मानपुर-अटरिया मार्ग पर ओवरलोड वाहनों का बढ़ता खतरा, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
न्यूज इंडिया आजतक
रिपोर्ट: बिन्दू मौर्या /सीतापुर UP

सीतापुर मानपुर-अटरिया क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों का संचालन लगातार लोगों की जान के लिए खतरा बनता जा रहा है। बुधवार को मानपुर रोड पर लकड़ियों से क्षमता से अधिक लदा एक ट्रक सड़क से गुजरता दिखाई दिया, जिसने राहगीरों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक पर लकड़ियां निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक ऊंचाई तक लदी थीं। इतना ही नहीं, ट्रक के ऊपर तीन से चार मजदूर बेहद जोखिम भरे तरीके से बैठे थे, जबकि एक युवक पीछे निकली लकड़ियों पर खड़ा दिखाई दिया। इससे पीछे चल रहे दोपहिया और तिपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा पर लगातार खतरा बना रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मानपुर रोड पर ओवरलोड वाहनों का संचालन अब आम बात हो गई है, लेकिन संबंधित विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे वाहन चालकों और वाहन मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इसी दौरान अटरिया क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर चल रहे एक ट्रक का अचानक संतुलन बिगड़ गया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि चालक और आसपास मौजूद लोग सुरक्षित रहे तथा बड़ा हादसा टल गया।
ट्रक का संतुलन बिगड़ने से हाईवे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा और राहगीरों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने परिवहन विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

