मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूख्खू सरकार की बड़ी घोषणा

हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा कर्मचारियों और पेंशनरों के लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के भुगतान के लिए 212 करोड़ रुपये जारी करने की घोषणा केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि इसके स्पष्ट राजनीतिक मायने भी हैं। ऐसे समय में जब प्रदेश आर्थिक संकट, बढ़ते कर्ज और विपक्ष के लगातार हमलों का सामना कर रहा है, सरकार ने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद वह अपने कर्मचारियों और पेंशनरों के प्रति संवेदनशील है।
कर्मचारी और पेंशनर किसी भी सरकार के सबसे प्रभावशाली वर्गों में गिने जाते हैं। उनका परिवार, सामाजिक दायरा और मतदान पर प्रभाव व्यापक होता है। ऐसे में वर्षों से लंबित चिकित्सा बिलों का भुगतान केवल आर्थिक राहत नहीं, बल्कि विश्वास बहाली की राजनीतिक रणनीति भी माना जा सकता है। सरकार यह दिखाना चाहती है कि आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उसकी प्राथमिकता कर्मचारियों और बुजुर्ग पेंशनरों के हित हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस घोषणा के साथ पूर्व भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र से अतिरिक्त वित्तीय सहायता मिलने के बावजूद कर्मचारियों और पेंशनरों के एरियर का समय पर भुगतान नहीं किया गया। यह बयान स्पष्ट करता है कि सरकार इस फैसले को केवल उपलब्धि के रूप में नहीं, बल्कि राजनीतिक तुलना के माध्यम से जनता के सामने प्रस्तुत करना चाहती है। यानी वर्तमान सरकार अपने फैसलों को “व्यवस्था परिवर्तन” और पिछली सरकार की कथित विफलताओं के संदर्भ में स्थापित करने की कोशिश कर रही है।
हालांकि राजनीति में घोषणाओं से अधिक महत्व उनके स्थायी प्रभाव का होता है। यदि चिकित्सा प्रतिपूर्ति, एरियर और अन्य वित्तीय लाभों का भुगतान नियमित और समयबद्ध नहीं हुआ, तो यह राहत अल्पकालिक साबित हो सकती है। कर्मचारियों की अपेक्षा केवल लंबित भुगतान तक सीमित नहीं है; वे भविष्य में भी वित्तीय अनिश्चितता से मुक्ति चाहते हैं।
यह भी ध्यान देने योग्य है कि सरकार ने कम पेंशन पाने वाले पेंशनभोगियों और दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को प्राथमिकता दी है। सामाजिक दृष्टि से यह निर्णय सराहनीय है, क्योंकि सीमित आय वाले वर्ग को सबसे पहले राहत मिलना कल्याणकारी शासन की पहचान माना जाता है। लेकिन शेष कर्मचारियों और पेंशनरों के लंबित मामलों का समाधान भी समान गति से होना आवश्यक होगा।
राजनीतिक दृष्टि से यह घोषणा कांग्रेस सरकार के लिए एक सकारात्मक संदेश देने का अवसर है। यदि सरकार आर्थिक अनुशासन बनाए रखते हुए कर्मचारियों के सभी लंबित वित्तीय मामलों का समाधान कर पाती है, तो इसका लाभ उसे राजनीतिक रूप से भी मिल सकता है। लेकिन यदि यह केवल एक बार की घोषणा बनकर रह गई और भविष्य में फिर भुगतान अटकने लगे, तो विपक्ष के लिए सरकार को घेरने का नया मुद्दा तैयार हो जाएगा।
सारगर्भित है कि 212 करोड़ रुपये का भुगतान निश्चित रूप से कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए राहत का विषय है। लेकिन लोकतंत्र में किसी भी सरकार का मूल्यांकन घोषणाओं से नहीं, बल्कि उनकी निरंतरता और परिणामों से होता है। आने वाले समय में यही तय करेगा कि यह फैसला केवल राजनीतिक संदेश था या वास्तव में “व्यवस्था परिवर्तन” की दिशा में एक ठोस कदम।— संपादकीय चिंतन • मंथन • विश्लेषण

