शिमला/नोहराधार। रेणुका / कपिल शर्मा
विधानसभा क्षेत्र के नोहराधार वार्ड नंबर-1 से नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य हंसराज ने शिमला में नेता प्रतिपक्ष एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मुलाकात के दौरान हंसराज ने नोहराधार वार्ड तथा रेणुका विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकासात्मक विषयों पर चर्चा की और क्षेत्र की प्राथमिक आवश्यकताओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर का राजनीतिक अनुभव, विकास की सोच और जनता के प्रति समर्पण युवा जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
हंसराज ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिला परिषद तक पहुंचाया है, उस विश्वास को विकास कार्यों और जनसेवा के माध्यम से मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव प्रयास करने का संकल्प भी दोहराया।
इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने हंसराज को जीत की बधाई देते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता की उम्मीदों और विश्वास पर खरा उतरना भी है।
क्षेत्र में इस मुलाकात को सकारात्मक दृष्टि से देखा जा रहा है। लोगों का मानना है कि वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन और युवा सोच के समन्वय से रेणुका विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति मिल सकती है। जिला परिषद सदस्य हंसराज की यह शिष्टाचार भेंट क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी गंभीरता और सक्रियता को दर्शाती है।
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिले जिला परिषद सदस्य हंसराज, क्षेत्र के विकास पर हुई चर्चा
Leave a comment
Leave a comment

