Reading: फतेहपुर ब्लॉक समिति पर कांग्रेस का कब्ज़ा, अनीता कुमारी अध्यक्ष व कुलवंत सिंह उपाध्यक्ष निर्वाचित

फतेहपुर ब्लॉक समिति पर कांग्रेस का कब्ज़ा, अनीता कुमारी अध्यक्ष व कुलवंत सिंह उपाध्यक्ष निर्वाचित

RamParkash Vats
5 Min Read

फतेहपुर, 17 जून2026 — न्यूज इंडिया आजतक/ राज्य चीफ ब्यूरो विजय समयाल

विकास खंड फतेहपुर की ब्लॉक समिति को बुधवार को नया नेतृत्व मिल गया। अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने दोनों पदों पर जीत दर्ज कर राजनीतिक बढ़त हासिल की। अध्यक्ष पद पर गोलवां की अनीता कुमारी तथा उपाध्यक्ष पद पर जगनोली के कुलवंत सिंह 16-11 मतों से विजयी घोषित किए गए।

चुनाव प्रक्रिया एसडीएम फतेहपुर एवं पीठासीन अधिकारी विश्रुत भारती की देखरेख में संपन्न हुई। इस अवसर पर विकास खंड अधिकारी सुभाष अत्री भी उपस्थित रहे। चुनाव में सभी 27 निर्वाचित सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

अध्यक्ष पद के लिए अनीता कुमारी को 16 मत प्राप्त हुए, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी अर्चना देवी को 11 वोट मिले। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए कुलवंत सिंह को 16 तथा शमशेर सिंह को 11 मत हासिल हुए। परिणाम घोषित होने के बाद पीठासीन अधिकारी ने दोनों विजयी उम्मीदवारों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

प्रशासन के अनुसार ब्लॉक समिति की पहली बैठक 27 जून को पंचायत समिति हॉल फतेहपुर में आयोजित होगी, जिसमें क्षेत्र की विकास योजनाओं और आगामी कार्यों पर चर्चा की जाएगी।

विकास और जनहित रहेगा प्राथमिक एजेंडा

वनिर्वाचित अध्यक्ष अनीता कुमारी ने कहा कि वह सभी सदस्यों को साथ लेकर चलेंगी तथा फतेहपुर क्षेत्र के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगी। वहीं उपाध्यक्ष कुलवंत सिंह ने पंचायतों की समस्याओं के समाधान और जनहित से जुड़े कार्यों को गति देने का भरोसा दिलाया।

जीत के बाद कांग्रेस खेमे में जश्न

रिणाम घोषित होते ही विकास खंड कार्यालय परिसर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों के उत्साह से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी तथा ढोल-नगाड़ों की थाप पर भांगड़ा डालकर खुशी का इजहार किया। दोनों पदों पर जीत से कांग्रेस समर्थकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

अल्टो कार में पहुंचे विधायक, सादगी बनी चर्चा का विषय

चुनाव के दौरान विधायक एवं हिमाचल प्रदेश योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया भी कार्यकर्ताओं के बीच मौजूद रहे। उनकी सादगी पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही। वह किसी बड़े काफिले के बजाय अपनी अल्टो कार में चुनाव स्थल पहुंचे और परिणाम आने के बाद उसी वाहन से वापस रवाना हो गए। आम कार्यकर्ताओं के बीच खड़े होकर परिणाम का इंतजार करना भी लोगों को काफी पसंद आया।

“प्रवासी पंछियों की राजनीति को जनता ने नकारा” : भवानी सिंह पठानिया

जीत के बाद विधायक भवानी सिंह पठानिया ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ “प्रवासी पंछी” चुनावों के समय क्षेत्र में आकर लोगों को गुमराह करने और भाईचारे को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों का विकास और जनहित से कोई सरोकार नहीं होता, बल्कि वे केवल अपने राजनीतिक हित साधने आते हैं। चुनाव समाप्त होते ही वे क्षेत्र छोड़कर चले जाते हैं।

पठानिया ने कहा कि फतेहपुर की जागरूक जनता ने इस चुनाव में विकास, विश्वास और जनसेवा की राजनीति के पक्ष में अपना स्पष्ट जनादेश दिया है। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत फतेहपुर के सम्मान, भाईचारे और विकास की सोच की जीत है।

क्रॉस वोटिंग को लेकर चर्चाएं तेज

दोनों पदों पर 16-11 के समान परिणाम आने के बाद राजनीतिक गलियारों में क्रॉस वोटिंग और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है। हालांकि नवनिर्वाचित नेतृत्व ने विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी को साथ लेकर चलने का भरोसा जताया है। अब क्षेत्र की निगाहें 27 जून को होने वाली पहली बैठक और उससे निकलने वाली विकास कार्ययोजना पर टिकी हुई हैं।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!