Reading: ऑपरेशन की प्रमुख झलकियां: आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए मेगा मॉक ड्रिल आयोजित

ऑपरेशन की प्रमुख झलकियां: आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए मेगा मॉक ड्रिल आयोजित

RamParkash Vats
2 Min Read

नूरपुर, 15 जून 2026: NEWS INDIA AAJ TAK / VIJAY SAMYAL


आपदा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस जिला नूरपुर के विभिन्न क्षेत्रों में राज्य स्तरीय मेगा मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस अभ्यास के माध्यम से विभिन्न विभागों की आपसी समन्वय क्षमता, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली तथा राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखा गया।

उपमंडल फतेहपुर में पोंग बांध टूटने की एक काल्पनिक आपदा स्थिति का अभ्यास किया गया। इस दौरान पुलिस, अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य विभाग तथा राजस्व विभाग ने संयुक्त रूप से प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (अर्ली वार्निंग सिस्टम), निचले क्षेत्रों से लोगों की सुरक्षित निकासी तथा खोज एवं बचाव अभियान का प्रदर्शन किया।

अभ्यास का मुख्य उद्देश्य संभावित आपदा के समय जनहानि को कम करने और त्वरित राहत पहुंचाने की क्षमता को मजबूत करना रहा।

वहीं, पुलिस थाना इंदौरा क्षेत्र में अरनी यूनिवर्सिटी के निकट अचानक आई फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। इस दौरान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) एवं स्थानीय बचाव टीमों ने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का अभ्यास किया। रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत लोगों को बसंतपुर स्थित राहत शिविर में सुरक्षित पहुंचाया गया।

पुलिस प्रशासन के अनुसार इस मेगा मॉक ड्रिल में भाग लेने वाली सभी एजेंसियों की प्रतिक्रिया अत्यंत संतोषजनक रही। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे अभ्यास आपसी तालमेल को मजबूत करने, कमियों की पहचान कर उन्हें दूर करने तथा किसी भी आपात स्थिति में आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!