FEATHPUR/14:6:2026/ SC B VIJAY SAMYAL
फतेहपुर के विपुल शर्मा ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, भारतीय वायुसेना में पायलट बनने की दिशा में हासिल की बड़ी उपलब्धि
फतेहपुर। फतेहपुर क्षेत्र के रेहन कस्बे के होनहार युवक विपुल शर्मा ने भारतीय वायुसेना में पायलट बनने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विपुल शर्मा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रेहन से विज्ञान संकाय में 10+2 की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने चंडीगढ़ विश्वविद्यालय से बी.एससी. (केमिस्ट्री) की पढ़ाई पूरी की।
विपुल शर्मा के पिता विजय शर्मा भारतीय सेना से सेवानिवृत्त पूर्व सैनिक हैं, जबकि उनकी माता सुलेखा शर्मा गृहिणी हैं। परिवार के सहयोग और अपनी अथक मेहनत के बल पर विपुल ने भारतीय वायुसेना में पायलट बनने के अपने सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया। वर्ष 2025 में चयन एवं प्रशिक्षण प्रक्रिया में सफलता प्राप्त कर उन्होंने अपनी प्रतिभा और लगन का परिचय दिया।
विपुल शर्मा का कहना है कि उनका सपना बचपन से ही देश की सेवा करना था और भारतीय वायुसेना में पायलट बनकर वह राष्ट्र की सुरक्षा में अपना योगदान देना चाहते हैं। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सदस्यों को दिया है।विपुल शर्मा की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

