Reading: निर्माणाधीन बाईपास बना हादसों का अड्डा, गेहूं लदा ट्रक पलटा, पुलिया के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में गिरी

निर्माणाधीन बाईपास बना हादसों का अड्डा, गेहूं लदा ट्रक पलटा, पुलिया के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में गिरी

RamParkash Vats
2 Min Read

SitaPur 26/05/2026/Office Reporter बिन्दू मौर्या

खैराबाद, सीतापुर थाना क्षेत्र के राधेलाल चौराहे स्थित निर्माणाधीन बाईपास पर रविवार शाम बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बिसवां से गेहूं लादकर लहरपुर की ओर जा रहा एक ट्रक मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा शाम करीब 6:40 बजे हुआ। जैसे ही ट्रक राधेलाल चौराहे के पास निर्माणाधीन बाईपास के मोड़ पर पहुंचा, चालक संतुलन खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही खैराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। गनीमत रही कि हादसे के समय वहां कोई राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माणाधीन बाईपास पर पर्याप्त सांकेतिक बोर्ड और सुरक्षा संकेतक नहीं लगाए गए हैं। लोगों का कहना है कि विभागीय लापरवाही के चलते यहां आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

इसी बीच खैराबाद-परसेंडी मुख्य मार्ग पर लालपुर गांव के पास निर्माणाधीन पुलिया भी राहगीरों के लिए खतरा बनी हुई है। सोमवार को पुलिया के पास संकरे रास्ते से निकलते समय एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर के दो टुकड़े हो गए और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय निवासी रवि, राहुल, सर्वेश और सुरेश सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य मार्ग का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन पुलिया का कार्य पिछले तीन माह से अधूरा पड़ा है। संकरे रास्ते के कारण यहां रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है और स्कूली बच्चों सहित हजारों राहगीरों की जान जोखिम में पड़ रही है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता नीरज यादव ने बताया कि नहर विभाग द्वारा बार-बार पानी छोड़े जाने से मिट्टी कट जाती है, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कुछ दिनों तक पानी न छोड़ा जाए तो पुलिया का निर्माण जल्द पूरा कराया जा सकता है।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!