*महमूदाबाद, सीतापुर।राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन
जैनसदरपुर थाना परिसर में शुक्रवार शाम जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवकुमार गुप्ता और थानाध्यक्ष मुकेश वर्मा के बीच हुई तीखी नोकझोंक का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे के साथ-साथ स्थानीय राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है।जानकारी के अनुसार मामला सदरपुर थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव का है। गांव निवासी उमेश कुमार ने आरोप लगाया कि खेत की मेड़ को लेकर गांव के कुछ लोगों से उसका विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते बीती 6 मई को उसके साथ मारपीट की गई थी।
पीड़ित का कहना है कि उसने मामले की शिकायत पुलिस से की, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई और न ही मुकदमा दर्ज किया गया।आरोप है कि न्याय न मिलने पर पीड़ित भाजपा नेता एवं जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवकुमार गुप्ता के पास पहुंचा। इसके बाद शिवकुमार गुप्ता अपने समर्थकों के साथ सदरपुर थाने पहुंचे और पुलिस से कार्रवाई न होने का कारण पूछने लगे। इसी दौरान उनके कुछ समर्थक बातचीत का वीडियो बनाने लगे, जिस पर थानाध्यक्ष मुकेश वर्मा ने आपत्ति जताई।वीडियो बनाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
शिवकुमार गुप्ता ने आरोप लगाया कि थानाध्यक्ष ने वीडियो बंद कराने के साथ अभद्र व्यवहार किया। वहीं थानाध्यक्ष मुकेश वर्मा का कहना है कि मामला जांच से जुड़ा हुआ है, इसलिए प्रथम दृष्टया मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।घटना के बाद शिवकुमार गुप्ता ने चेतावनी दी है कि यदि 17 मई तक थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह धरना-प्रदर्शन करेंगे। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।

