महमूदाबाद, सीतापुर।राज्य चीफ ब्यूरोअनुज कुमार जैन
महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ लागू किया जा रहा है, जिसे सफल बनाने के लिए समाज के हर वर्ग की सहभागिता आवश्यक है।

यह बातें सीता इंटर कॉलेज के शास्त्री सभागार में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ प्रचार अभियान के तहत छात्राओं व शिक्षिकाओं को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य रमेश वाजपेयी विरल ने कहीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सभी क्षेत्रों में समान अवसर देना समय की आवश्यकता है।
प्रधानाचार्य ने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी करने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अधिनियम 2023 की मुख्य विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए इसे महिलाओं के राजनीतिक व सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।
समारोह में वाइस प्रिंसिपल यशपाल वर्मा, एनएसएस के मुख्य कार्यक्रम अधिकारी शिवसेवक मिश्र, सांस्कृतिक प्रमुख प्रतिभा सिंह, अनीता वर्मा, राजकुमारी वर्मा, संजू रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में शिक्षिकाएं व छात्राएं उपस्थित रहीं।

