Reading: सिकंद्राबाद में जलभराव से जनजीवन प्रभावित, नाली निर्माण न होने पर किसानों ने आंदोलन की दी चेतावनी

सिकंद्राबाद में जलभराव से जनजीवन प्रभावित, नाली निर्माण न होने पर किसानों ने आंदोलन की दी चेतावनी

RamParkash Vats
3 Min Read

हमूदाबाद,सीतापुर, 18/04/2026,राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन

महमूदाबाद, सीतापुर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां विकास के दावों के बीच जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही है। विकासखंड पहला के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सिकंद्राबाद में बुनियादी सुविधाओं की कमी अब लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुकी है।

दरअसल, जिला सहकारी बैंक के पास खड़ंजा मार्ग पर पक्की नाली के अभाव में गंभीर जलभराव की समस्या पैदा हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां नाली निर्माण की बजाय पाइपलाइन डाली गई, लेकिन पानी की निकासी का उचित प्रबंध न होने के कारण गंदा पानी सड़क पर ही जमा हो रहा है। हालात यह हैं कि सड़क कीचड़ और बदबूदार पानी से लबालब है, जिससे आमजन का निकलना दूभर हो गया है।

आपको बता दें कि इसी रास्ते से जिला सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक सहित सैकड़ों ग्रामीणों को रोजाना आवागमन करना पड़ता है। लेकिन सड़क पर फैले गंदे पानी और फिसलन भरे कीचड़ के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।

इस मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सच्चिदानंद सिंह पटेल ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने कई बार खंड विकास अधिकारी पहला और उपजिलाधिकारी महमूदाबाद को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

प्रशासन की इस उदासीनता से नाराज किसान नेता ने अब सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस में तहसील महमूदाबाद पहुंचकर शिकायती पत्र सौंपा और समस्या के जल्द समाधान की मांग की है। साथ ही चेतावनी भी दी है कि अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।

अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब जागेगा प्रशासन? और कब तक ग्रामीणों को इस बदहाल व्यवस्था का सामना करना पड़ेगा? फिलहाल, सभी की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!