महमूदाबाद, सीतापुर,17 April 2026,राज्य चीफ ब्यूरो-अनुज कुमार जैन
आत्मविश्वास और रचनात्मकता का विकास हमारी सांस्कृतिक विरासत व परंपराओं से होता है। वाद-विवाद, भाषण, त्वरित भाषण और अंत्याक्षरी जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। विद्यार्थियों को अनुशासित रहकर पूरे मनोयोग से पढ़ाई करनी चाहिए और अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।

यह बातें सीता ग्रुप ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन आरके वाजपेयी ‘विरल’ ने शुक्रवार को कालेज के शास्त्री सभागार में आयोजित छात्र संसद शपथ ग्रहण समारोह में नव नियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाने के बाद कहीं।
उन्होंने कहा कि छात्र संसद से बच्चों में नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी का भाव विकसित होता है। ऐसे कार्यक्रमों से हमारी सांस्कृतिक परंपराएं जीवित रहती हैं और एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचती हैं।
छात्र संसद के तहत सांस्कृतिक विभाग में श्रेया रॉय को अध्यक्ष, अभिनव अवस्थी को उपाध्यक्ष, आदित्य प्रजापति को महामंत्री, अशिंका यादव को मंत्री, रिज़ा फातिमा को मुख्य प्रवक्ता, कोमल यादव को प्रवक्ता और प्रतिक्षा राज को कोषाध्यक्ष बनाया गया। सदस्य के रूप में निशा जायसवाल, अभय प्रताप सिंह और दिया राय शामिल रहीं।

वहीं शिशु भारती विभाग में द्विव्यांश यादव को अध्यक्ष, उज्ज्वल वर्मा को उपाध्यक्ष, रिचा को महामंत्री, आर्यन कश्यप को मंत्री, अशिंका मिश्रा को मुख्य प्रवक्ता, तनु सिंह को प्रवक्ता तथा इशिका गुप्ता और सौम्या श्रीवास्तव को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। सदस्य के रूप में अभिनव वर्मा और सौम्या श्रीवास्तव को भी शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का संचालन कक्षा 11 के छात्र उज्ज्वल वर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सांस्कृतिक प्रमुख प्रतिभा सिंह ने किया। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य यशपाल वर्मा, व्यवस्था प्रमुख शिवसेवक मिश्र, अखिलेश शर्मा, अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

