Reading: तड़के 3 बजे घर में घुसकर पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग, मासूम समेत दोनों गंभीर—अंगेथवा गांव में दहशत

तड़के 3 बजे घर में घुसकर पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग, मासूम समेत दोनों गंभीर—अंगेथवा गांव में दहशत

RamParkash Vats
3 Min Read

महमूदाबाद सीतापुर 12 अप्रैल 2026 राज्य ब्यूरो चीफ अनुज कुमार जैन

महमूदाबाद/सीतापुर उत्तर प्रदेश के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के अंगेथवा गांव में रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। करीब 3 बजे अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर सो रहे पिता और उसके तीन वर्षीय मासूम बेटे पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। हमले में 35 वर्षीय सुनील कुमार और उनका पुत्र अभय गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। गोलियों की आवाज से जागे ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। परिजन खून से लथपथ दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।

बिजली काटकर रची साजिश, अंधेरे का उठाया फायदा
परिजनों के मुताबिक बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे। वारदात से पहले उन्होंने घर की बिजली सप्लाई काट दी, जिससे चारों ओर अंधेरा छा गया। इसके बाद घर के बाहर ईंटों से बंद किए गए दरवाजे पर लगा तिरपाल हटाकर अंदर घुसे और सो रहे पिता-पुत्र को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी।

लूट का एंगल, पास के मंदिर का ताला टूटा
घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर एक मंदिर के कमरे का ताला टूटा मिला है। वहां से राशन और अन्य सामान गायब बताया जा रहा है। ग्रामीणों को आशंका है कि बदमाश लूट के इरादे से आए थे, हालांकि पुलिस अन्य संभावित एंगल पर भी जांच कर रही है।

परिवार सदमे में, रंजिश से किया इनकार
घायल सुनील के बड़े भाई किशोरी लाल ने बताया कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। अचानक हुई इस वारदात ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।

फॉरेंसिक टीम मौके पर, हमलावरों की तलाश तेज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक मुकेश वर्मा के अनुसार फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। इलाके में तलाशी अभियान जारी है।

इस सनसनीखेज हमले के बाद अंगेथवा गांव में भय और असुरक्षा का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!