Reading: ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करने में प्राकृतिक खेती व पशुपालन अहम: प्रो. चन्द्र कुमार/कोटला में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम, कृषि मंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं

ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करने में प्राकृतिक खेती व पशुपालन अहम: प्रो. चन्द्र कुमार/कोटला में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम, कृषि मंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं

RamParkash Vats
3 Min Read
कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार लोगों को सम्बोधित करते हुए

कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने आज ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के कोटला में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत लोगों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके समयबद्ध एवं त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि उनकी समस्याओं का निवारण गांव और घर-द्वार पर ही सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कोटला क्षेत्र में विभिन्न विभागों द्वारा चलाए जा रहे तथा प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क, पेयजल, सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण, भूस्खलन शमन तथा सीवरेज जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर करोड़ों रुपये व्यय किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कोटला के वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके। इसके अतिरिक्त, पुलिस चौकी कोटला को थाने में उन्नत किया गया है।

कृषि मंत्री ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करने में प्राकृतिक खेती व पशुपालन का अहम रोल है। प्रदेश सरकार ने हालिया बजट में प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहूं का समर्थन मूल्य 60 से बढ़ाकर 80 रुपये प्रति किलोग्राम, मक्की का 40 से 50 रुपये तथा हल्दी का 90 से 150 रुपये प्रति किलोग्राम किया गया है।

साथ ही अदरक को 30 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती पशुपालन के बिना संभव नहीं है, इसलिए सरकार इस दिशा में किसानों को प्रोत्साहित कर रही है। गाय के दूध का समर्थन मूल्य 61 रुपये तथा भैंस के दूध का 71 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किया गया है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने पशुपालकों से दुग्ध सहकारी समितियां गठित कर उनका पंजीकरण कराने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास को जनसरोकारों से जोड़ते हुए हर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनसमस्याओं को संवेदनशीलता से सुनें और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर कृषि मंत्री ने ‘खेलो इंडिया’ में 86 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक विजेता, गांव सिहुंणी निवासी शबीर को भी सम्मानित किया।

कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के एसडीओ राजेश, जल शक्ति विभाग के एसडीओ दीप सिंह राणा, सीडीपीओ कार्यालय से सुपरवाइजर दीपक, पूर्व कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा, कांग्रेस कार्यकर्ता प्रकाश चंद शास्त्री, मेघ राज, सुरेंद्र, ऊषा देवी, नीलमा, कमला देवी सहित पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!