Reading: एंट्री टैक्स बढ़ोतरी और धारा 118 में छेड़छाड़ के विरोध में पांवटा साहिब में भाजपा का प्रदर्शन, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

एंट्री टैक्स बढ़ोतरी और धारा 118 में छेड़छाड़ के विरोध में पांवटा साहिब में भाजपा का प्रदर्शन, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

RamParkash Vats
4 Min Read
भाजपा ने ज्ञापन में राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि बढ़ी हुई टैक्स दरों को तुरंत वापस लिया जाए और धारा 118 के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बंद की जाए। पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया तो भाजपा चरणबद्ध आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

Himachal Pardesh में एंट्री टैक्स बढ़ाने और धारा 118 के साथ छेड़छाड़ के मुद्दे ने अब राजनीतिक रंग पकड़ लिया है। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बावजूद सरकार द्वारा एंट्री टैक्स में की गई बढ़ोतरी का मामला शांत होने का नाम नहीं ले रहा। पहले ट्रक यूनियनों और टैक्सी संचालकों ने इसका विरोध जताया था, वहीं अब भारतीय जनता पार्टी भी खुलकर विरोध में उतर आई है। पांवटा साहिब में स्थानीय भाजपा इकाई ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए बढ़े हुए टैक्स को तुरंत वापस लेने और धारा 118 में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बंद करने की मांग उठाई।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष की अगुवाई में रैली निकाली, जो स्थानीय विश्रामगृह से शुरू होकर एसडीएम कार्यालय तक पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए टैक्स बढ़ोतरी को जनविरोधी करार दिया। रैली में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना आक्रोश प्रकट किया। प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर बढ़ी हुई टैक्स दरों को तत्काल वापस लेने की मांग की।

भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण जनता पर नए-नए टैक्स लगाए जा रहे हैं, जिसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है। भाजपा मंडल अध्यक्ष हितेंद्र धवन ने आरोप लगाया कि एंट्री टैक्स में बढ़ोतरी से ट्रक चालकों, टैक्सी संचालकों और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है, जिसका असर अंततः आम जनता पर पड़ना तय है। उन्होंने कहा कि सरकार राजस्व बढ़ाने के नाम पर जनता की जेब पर डाका डाल रही है, जिसे भाजपा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

भाजपा नेताओं ने धारा 118 के मुद्दे को भी गंभीर बताते हुए कहा कि इस धारा में किसी प्रकार की छेड़छाड़ प्रदेश के हितों के खिलाफ है। उनका कहना था कि धारा 118 हिमाचल प्रदेश की भूमि और संसाधनों की सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसे कमजोर करने का कोई भी प्रयास प्रदेश की पहचान और हितों को नुकसान पहुंचा सकता है। भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस मामले में पीछे हटकर जनता की भावनाओं का सम्मान नहीं किया, तो पार्टी प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन छेड़ेगी

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार जनविरोधी फैसले ले रही है। पहले एंट्री टैक्स में बढ़ोतरी और अब धारा 118 के साथ छेड़छाड़ की चर्चा ने जनता में असंतोष पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसे फैसले लेने से पहले जनता और संबंधित संगठनों से चर्चा करनी चाहिए थी, लेकिन बिना परामर्श के लिए गए निर्णयों ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं।

भाजपा ने ज्ञापन में राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि बढ़ी हुई टैक्स दरों को तुरंत वापस लिया जाए और धारा 118 के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बंद की जाए। पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया तो भाजपा चरणबद्ध आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।इस प्रदर्शन के बाद प्रदेश की राजनीति में एंट्री टैक्स और धारा 118 का मुद्दा और अधिक गर्माने की संभावना है। भाजपा ने साफ संकेत दे दिए हैं कि वह इस मामले को लेकर पीछे हटने वाली नहीं है और जनता के हितों के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!