महमूदाबाद, सीतापुर:अनुज कुमार जैन राज्य चीफ ब्यूरो
लगातार दो वर्षों तक प्रदेश को टॉपर देने वाली संस्था सीता ग्रुप ऑफ एजूकेशन द्वारा संचालित ‘सुपर-40’ योजना के तहत आयोजित प्रवेश परीक्षा का परिणाम सोमवार को घोषित किया गया। इसके उपरांत कॉलेज के शास्त्री सभागार में कक्षा 6, 9 और 11 के चयनित 40-40 विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

संस्था के चेयरमैन आर.के. वाजपेयी ने बताया कि गरीब और जरूरतमंद मेधावी छात्रों को बेहतर निश्शुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह योजना चलाई जा रही है। इस वर्ष सीतापुर समेत रेउसा, लहरपुर, सिधौली, तंबौर, हरगांव, सांडा सकरन सहित बाराबंकी, लखीमपुर, हरदोई और लखनऊ आदि जनपदों के 45 विद्यालयों से 718 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 702 छात्र-छात्राएं 31 मार्च को आयोजित परीक्षा में शामिल हुए।
6 अप्रैल को घोषित परिणाम में कक्षा 6, 9 और 11 के 40-40 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। संस्था ने चयनित सभी विद्यार्थियों की कक्षा 12 तक निश्शुल्क शिक्षा का जिम्मा लिया है।

सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहला विकासखंड के पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामलाल यादव, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघ चालक राजाराम यादव, कार्यक्रमाध्यक्ष वरिष्ठ समाजसेवी अवधराम मौर्य, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष सुरेश वर्मा, सीएचसी महमूदाबाद के अधीक्षक डॉ. आशीष वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को माल्यार्पण, बैज अलंकरण एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर डिप्टी मैनेजर वागीश दिनकर वाजपेयी, मनोज श्रीवास्तव, रामानुज दीक्षित, उपप्रधानाचार्य नीरज वर्मा, अंजली वर्मा, शिवसेवक मिश्र, राकेश शुक्ल सहित सैकड़ों अभिभावक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

