सीतापुर -अनुज कुमार जैन राज्य चीफ ब्यूरो
भारतीय नव संवत्सर 2083 के शुभ अवसर पर सीतापुर में राष्ट्रीय हिंदू शेर सेना के तत्वावधान में भव्य भगवा रैली एवं शोभायात्रा का आयोजन किया गया। खराब मौसम और लगातार हो रही बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था को नहीं डिगा सकी। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
शोभायात्रा का नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास हिन्दू ने किया। इसमें गुरुकुल से आए बटुक छात्र एवं नैमिषारण्य धाम से पधारे संत-महात्मा अपने-अपने रथों पर सवार रहे। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम एवं उनके परम भक्त श्री हनुमान जी की सजीव झांकियां आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं।
हजारों मोटरसाइकिलों और पैदल श्रद्धालुओं का विशाल काफिला जब शहर की सड़कों से गुजरा तो पूरा वातावरण “जय श्रीराम” के जयकारों से गूंज उठा। शोभायात्रा का शुभारंभ सिविल लाइन स्थित संगठन के राष्ट्रीय कार्यालय से हुआ, जो आंख अस्पताल, लालबाग चौराहा, ग्रीकगंज घंटाघर, वाल्दा कॉलोनी, रंपा टॉकीज होते हुए जीआईसी सिविल लाइन चौराहे पर सम्पन्न हुई।
मार्ग में विभिन्न स्थानों पर संतों एवं श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया गया। लालबाग चौराहे पर आकाश अग्रवाल द्वारा स्वागत किया गया, वहीं रंपा टॉकीज के पास शिवम त्रिपाठी एवं मंदिरों के पुजारियों ने संतों का अभिनंदन किया।
समापन स्थल पर तत्सत सेवा संस्थान द्वारा देवी जागरण एवं भक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक हो गया।
कार्यक्रम में नैमिषारण्य से पधारे संत संतोष दास खाकी जी महाराज, महामंडलेश्वर सदा शिवेंद्र सरस्वती जी, नारायण दास जी, रंजीत शास्त्री जी सहित कई संत-महात्मा एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। इसके अलावा यतीन्द्र अवस्थी, बबलू (मीतू) वाजपेयी, विश्ववीर गुप्ता, अनुभव पांडेय, सर्वन बाजपेयी, राहुल मिश्रा, सागर गुप्ता सहित संगठन के प्रदेश अध्यक्ष दीपक गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष नितेश नीरज, प्रदेश संगठन मंत्री मुकेश गुप्ता, मातृशक्ति प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष शिल्पी पांडेय, युवा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष विकास शुक्ला सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।
अंत में राष्ट्रीय महासचिव प्रदीप शुक्ला ने सभी अतिथियों, संतों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।
नव संवत्सर 2083 पर बारिश भी नहीं रोक पाई आस्था:सीतापुर में निकली भव्य भगवा शोभायात्रा
Leave a comment
Leave a comment

