देहरा(कांगड़ा) 19 मार्च 2026, ब्यूरो चीफ विजय समयाल
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तत्वावधान में तहसील कल्याण अधिकारी देहरा के सौजन्य से खंड विकास अधिकारी, प्रागपुर के सभागार में वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिमेंशिया एवं अल्जाइमर रोग के प्रति एक दिवसीय जागरूकता एवं स्क्रीनिंग कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य समाज में इन गंभीर मानसिक रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों को समय रहते उचित चिकित्सा परामर्श लेने के लिए प्रेरित करना रहा, ताकि उनके जीवन स्तर में सुधार लाया जा सके। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि वीडियो प्रागपुर अशोक कुमार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान न्यू एरा फाउंडेशन, खुंडियां की ओर से डॉ. दीक्षा ने उपस्थित लोगों को डिमेंशिया के प्रमुख कारणों, प्रारंभिक एवं उन्नत लक्षणों, संभावित जोखिम कारकों, रोकथाम के उपायों तथा उपलब्ध उपचार पद्धतियों के बारे में सरल एवं विस्तृत प्रस्तुति के माध्यम से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर पहचान एवं उचित देखभाल से रोग की प्रगति को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है और इसके सामाजिक व पारिवारिक प्रभावों को भी कम किया जा सकता है।
इसके अतिरिक्त मनोचिकित्सक डॉ. नेहा ने डिमेंशिया के निदान, प्रबंधन एवं उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। उन्होंने लोगों से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने का आग्रह किया। शिविर के दौरान मरीजों की स्क्रीनिंग भी की गई, जिससे कई लोगों को प्रारंभिक स्तर पर ही परामर्श प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर सभी वरिष्ठ नागरिकों को पहाड़ी टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम में सम्मान और अपनत्व का विशेष वातावरण बना रहा।
तहसील कल्याण अधिकारी विपुल शर्मा ने विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से इनका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी रही।

