न्यूज़ इंडिया आजतक मुख्यालय भरमाड,संपादक राम प्रकाश बत्स
जिला ऊना के निकट भड़ौलियां में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। दिल्ली से दौलतपुर चौक जा रही हिमाचल एक्सप्रैस ट्रेन की चपेट में आने से 50 से अधिक भेड़-बकरियों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार एक भेड़पालक अपने रेवड़ को रेलवे लाइन पार करवा रहा था, तभी अचानक ट्रेन वहां पहुंच गई। इससे पहले कि जानवरों को पटरी से हटाया जा सकता, ट्रेन उनके ऊपर से गुजर गई और अधिकांश भेड़-बकरियां कटकर मर गईं।
हादसे के बाद ट्रेन के लोको पायलट ने इसकी सूचना रेलवे स्टेशन को दी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस की टीम सब-इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर खून और जानवरों के अवशेष बिखरे पड़े थे।
बताया जा रहा है कि इस हादसे में भेड़पालक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, लेकिन कानूनी कार्रवाई के डर से वह मौके से गायब हो गया और अब तक किसी ने भी रेलवे पुलिस के पास शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

