अपन आत्मिय परिजनो के साथ लेफ्टिनेंट अभिमन्यु बड़वाल
न्यूज़ इंडिया आजतक
संपादक: राम प्रकाश बत्स
ग्राम पंचायत पलौहड़ा के उपरली मावा गांव के युवा अभिमन्यु बड़वाल ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर अपने परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अभिमन्यु की इस उपलब्धि से इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है।
अभिमन्यु बड़वाल का जन्म 28 अप्रैल 1999 को विजय कुमार और अंजू के घर हुआ। उनके पिता विजय कुमार भारतीय सेना में सूबेदार मेजर के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि उनकी माता अंजू गृहिणी हैं। अभिमन्यु ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा आर्मी स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने एसआरएम यूनिवर्सिटी से आईटी में उच्च शिक्षा हासिल की।
शिक्षा पूरी करने के बाद अभिमन्यु ने एनएचएआई, दिल्ली में डिवेलपर के रूप में नौकरी भी की, लेकिन बचपन से ही सेना में जाकर देशसेवा करने का सपना उनके मन में था। इसी लक्ष्य को पूरा करते हुए उन्होंने कमीशन प्राप्त किया और 7 मार्च को ऊटी में आयोजित पासिंग आउट समारोह में बतौर लेफ्टिनेंट भारतीय सेना में शामिल हुए। इस गौरवपूर्ण अवसर पर उनके माता-पिता ने उनके कंधों पर स्टार लगाकर बेटे की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।
अभिमन्यु बड़वाल अब भारतीय सेना की मद्रास रेजिमेंट में बतौर लेफ्टिनेंट अपनी सेवाएं देंगे। उनके परिवार की तीन पीढ़ियां सेना से जुड़ी रही हैं। उनके दादा स्वर्गीय ठाकुर सिंह सेना से नायब सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त हुए थे, जबकि उनके पिता भी सूबेदार मेजर के पद से रिटायर हुए हैं। अब अभिमन्यु बड़वाल इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए देशसेवा के लिए तैयार हैं।
अभिमन्यु की दादी तारा देवी भी अपने पोते की सफलता से बेहद उत्साहित हैं। परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में इस उपलब्धि को लेकर गर्व और खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर भाजपा नेता संजय गुलेरिया, पलौहड़ा के पूर्व प्रधान डॉ. राजिंदर सिंह, पूर्व पार्षद रवि कुमार, सुलक्षण शर्मा कौल, शिंटू ठाकुर और राजेश्वर हैप्पी सहित अनेक गणमान्य लोगों ने अभिमन्यु बड़वाल को लेफ्टिनेंट बनने पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

