Reading: सीतापुर में शिक्षा और संस्कार का अनोखा संगम

सीतापुर में शिक्षा और संस्कार का अनोखा संगम

RamParkash Vats
2 Min Read

सीतापुर,14 फरवरी 2026,अनुज कुमार जैन राज्य चीफ ब्यूरो
गुरुकुल विद्या पब्लिक स्कूल ने विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय और विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक अभिनव कदम उठाया है। “सुपर पेरेंट्स” अभियान के माध्यम से उन अभिभावकों को सम्मानित किया जा रहा है, जो पिछले दो वर्षों से बच्चों की शिक्षा, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

विद्यालय प्रशासन के अनुसार इस अभियान के लिए चयनित अभिभावक वे हैं, जो अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजते हैं, समय पर गृहकार्य पूरा करवाते हैं और निर्धारित ड्रेस में सुव्यवस्थित रूप से तैयार कर स्कूल भेजते हैं। इसके साथ ही कॉपी-किताबों और स्कूल बैग की साफ-सफाई, बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता और विद्यालय के नियमों के पालन को भी प्रमुख मानदंड बनाया गया है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के पीठाधीश्वर साकेत मिश्रा, सह-पीठाधीश्वर पूनम मिश्रा तथा उप चेयरमैन तत्सत मिश्रा ने संयुक्त रूप से कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल कक्षा तक सीमित नहीं होती, बल्कि घर और विद्यालय के संयुक्त प्रयास से ही बच्चे संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनते हैं।

14 फरवरी से औपचारिक रूप से शुरू हुए इस अभियान के अंतर्गत भविष्य में भी विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट सहयोग देने वाले अभिभावकों को सम्मानित किया जाएगा। विद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि पुराने अभिभावकों से संवाद और सहयोग की यह प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।

विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि शिक्षक और अभिभावक जब एक टीम के रूप में कार्य करते हैं, तभी बच्चों का भविष्य उज्ज्वल और सशक्त बनता है। “सुपर पेरेंट्स” अभियान इसी सकारात्मक साझेदारी को सम्मान देने की एक प्रेरणादायक पहल है।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!