देश की सड़कों पर आज सबसे अधिक खतरे में यदि कोई वर्ग है, तो वह है दोपहिया वाहन चालक। मोटरसाइकिल, स्कूटर और स्कूटरी की बढ़ती रफ्तार, आधुनिक तकनीक और शक्तिशाली इंजन ने जहां युवाओं को आकर्षित किया है, वहीं यह आकर्षण अब मौत का कारण भी बनता जा रहा है। सच्चाई यह है कि जब दोपहिया वाहन 100 से 150 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ता है, तो नियमानुसार ब्रेक लगाना लगभग असंभव हो जाता है। ऐसे में एक छोटी-सी चूक भी सीधे मृत्यु को निमंत्रण बन जाती है।

आज दोपहिया वाहन केवल आवागमन का साधन नहीं रह गए हैं। एक लाख से लेकर करोड़ों रुपये तक की कीमत वाले सुपर बाइक्स, अत्याधुनिक फीचर्स और सेकेंडों में आसमान छू लेने वाली स्पीड—ये सब युवाओं में तेज़ रफ्तार का नशा भर रहे हैं। लेकिन यह नशा जब सड़कों पर उतरता है, तो वाहन नहीं, एक चलता-फिरता ताबूत बन जाता है, विशेषकर तब जब चालक शराब या नशे की हालत में हो।
यह निर्विवाद सत्य है कि वाहन चालक के नियंत्रण में होता है। चालक जैसा निर्देश देता है, वाहन वैसा ही चलता है। लेकिन यही नियंत्रण जब लापरवाही, स्टंटबाज़ी, गलत ओवरटेक, ज़रूरत से ज़्यादा “होशियारी” और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी में बदल जाता है, तब सड़क हादसा तय हो जाता है। चलते वाहन पर स्टंट करना, ज़िग-ज़ैग ड्राइविंग, अचानक पासिंग लेना—ये सब केवल साहस नहीं, बल्कि सीधा आत्मघाती व्यवहार है।
आंकड़े चेतावनी दे रहे हैं। वर्ष 2024 के अनुसार भारत में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली कुल मौतों में लगभग 44 प्रतिशत मौतें दोपहिया वाहन चालकों की थीं। यह आंकड़ा केवल संख्या नहीं, बल्कि एक सामाजिक संकट का संकेत है। दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण स्पष्ट हैं—तेज़ गति, हेलमेट न पहनना, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और जोखिम भरा व्यवहार।दोपहिया वाहनों की संरचना स्वयं भी इन्हें अधिक असुरक्षित बनाती है। केवल दो पहियों के कारण इनकी स्थिरता सीमित होती है। अचानक ब्रेक लगाने या तेज़ मोड़ पर वाहन असंतुलित होकर गिर सकता है। आकार में छोटे होने के कारण ये बड़े वाहनों के ‘ब्लाइंड स्पॉट’ में आ जाते हैं, जिससे कार और ट्रक चालक इन्हें देख नहीं पाते। ऊपर से खराब सड़कें, गड्ढे, अव्यवस्थित स्पीड ब्रेकर और अपर्याप्त रोशनी दुर्घटनाओं को और घातक बना देती हैं। कारों की तरह एयरबैग, सीटबेल्ट या सुरक्षा घेरा न होने से गिरते ही चालक सीधे सड़क और वाहन से टकराता है, जहां गंभीर चोट या मृत्यु की आशंका अत्यधिक होती है।
सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि इन दुर्घटनाओं में बड़ी संख्या युवाओं की है। जो उम्र सपने गढ़ने की होती है, वही उम्र तेज़ रफ्तार और लापरवाही की भेंट चढ़ रही है। यह केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज की त्रासदी बन जाती है।अब समय आ गया है कि प्रशासन और समाज दोनों अपनी जिम्मेदारी समझें। प्रशासन को चाहिए कि तेज़ रफ्तार के शौकीन दोपहिया चालकों पर विशेष निगरानी रखे, स्पीड कंट्रोल के लिए तकनीकी उपाय अपनाए, नशे में वाहन चलाने पर कठोर कार्रवाई करे और हेलमेट नियमों का सख्ती से पालन कराए। साथ ही, सड़क बुनियादी ढांचे को सुरक्षित और दुरुस्त करना भी उतना ही आवश्यक है।वहीं, चालकों को यह समझना होगा कि रफ्तार रोमांच नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है। हेलमेट कोई औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन रक्षक कवच है। कुछ सेकेंड की जल्दबाज़ी पूरी ज़िंदगी छीन सकती है।तेज़ चलना आसान है, सुरक्षित चलना समझदारी है। सड़क पर यह समझदारी ही जीवन की सबसे बड़ी सुरक्षा है।

