Reading: भरमाड पंचायत में दिलचस्प जंग: अनुभव, बदलाव और खामोशी के बीच उलझा चुनावी गणित

भरमाड पंचायत में दिलचस्प जंग: अनुभव, बदलाव और खामोशी के बीच उलझा चुनावी गणित

RamParkash Vats
4 Min Read

ग्राम पंचायत भरमाड पंचायत में प्रधान पद का चुनाव इस बार बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है। पंचायत की गलियों, चौपालों और जनसभाओं में चुनावी चर्चा अपने चरम पर है, लेकिन मतदाताओं की रहस्यमयी चुप्पी ने चुनावी समीकरणों को उलझाकर रख दिया है। मुख्य मुकाबला पूर्व प्रधान सुशील कुमार उर्फ सुखा और पहली बार चुनाव मैदान में उतरे सुरेश कुमार के बीच माना जा रहा है, जबकि नरेश कुमार भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराते हुए मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश में हैं।पूर्व पंचायत प्रधान सुशील कुमार उर्फ सुखा पंचायत राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा माने जाते हैं। वे लगातार दो बार प्रधान पद का चुनाव जीत चुके हैं और हर बार उल्लेखनीय अंतर से जीत दर्ज कर चुके हैं। समर्थक उनके कार्यकाल में हुए विकास कार्यों, जनसंपर्क और अनुभव को उनकी सबसे बड़ी ताकत मानते हैं। पंचायत में उनका मजबूत जनाधार माना जाता है और वे “अनुभवी नेतृत्व” के मुद्दे पर मतदाताओं तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि विरोधी वर्ग पंचायत में बदलाव की आवश्यकता को प्रमुख मुद्दा बना रहा है।

वहीं, सुरेश कुमार इस बार बदलाव की राजनीति के सहारे चुनावी मैदान में उतरे हैं। ब्लॉक फतेहपुर से सेवानिवृत्त होने के बाद वे पहली बार प्रधान पद का चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव प्रचार के दौरान वे पंचायत में पारदर्शिता, नई सोच और विकास को नई दिशा देने के वादों के साथ मतदाताओं के बीच पहुंच रहे हैं। गांव में यह चर्चा भी है कि बदलाव चाहने वाला एक वर्ग उनके पक्ष में माहौल बना सकता है, जिससे मुकाबला और रोचक हो गया है।दूसरी ओर, नरेश कुमार भी चुनावी समीकरणों में अहम भूमिका निभाते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय स्तर पर उनकी पकड़ और व्यक्तिगत जनसंपर्क को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। हालांकि शुरुआती दौर में मुकाबला दो प्रमुख चेहरों के इर्द-गिर्द दिखाई देता है, लेकिन उनके समर्थकों का दावा है कि अंतिम समय में चुनावी हवा बदल सकती है।

इस बार नई बनी भगवाल पंचायत और पंचायत पुनर्गठन का असर भी चुनाव पर दिखाई दे रहा है। बदले सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों के कारण वोटों का ध्रुवीकरण किस दिशा में होगा, इसे लेकर स्पष्ट अनुमान लगाना कठिन बना हुआ है।सबसे रोचक पहलू मतदाताओं की खामोशी है। गांव में अधिकांश लोग सभी उम्मीदवारों के प्रति संतुलित रवैया अपनाते नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मतदाता इस बार खुलकर अपनी पसंद जाहिर नहीं कर रहे, जिससे किसी स्पष्ट रुझान का अनुमान लगाना मुश्किल हो गया है।फिलहाल पंचायत में मुकाबला पूरी तरह त्रिकोणीय दिखाई दे रहा है। जातीय समीकरण, पारिवारिक वोट बैंक, युवाओं का रुझान और महिलाओं की भागीदारी परिणाम तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है। तीनों उम्मीदवारों के बीच जीत-हार का अंतर कम रहने की संभावना जताई जा रही है। खिरकार, भरमाड पंचायत की सत्ता की चाबी किसके हाथ जाएगी, इसका फैसला मतपेटी ही करेगी।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!