महमूदाबाद (सीतापुर)23 JAN 2026, SCB ,अनुज कुमार जैन
जनपद सीतापुर के थाना महमूदाबाद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिरौली पुरवा में गुरुवार की देर रात करीब 10 बजे एक दर्दनाक घटना सामने आई। अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानवर बांधने के लिए बनाए गए हाते में रखे छप्पर में आग लगा दी गई। इस आगजनी में एक बछिया की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि दो गायें गंभीर रूप से झुलस गईं।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित पशुपालक पुत्ती लाल उर्फ रत्ती लाल पुत्र राम आसरे, निवासी ग्राम सिरौली पुरवा, ने तत्काल स्थानीय पुलिस, डायल 112, क्षेत्रीय लेखपाल एवं पशु चिकित्सक को सूचना दी। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची, वहीं क्षेत्रीय लेखपाल मोहम्मद गुफरान ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

GHAयल गायों का इलाज पशु चिकित्सक डॉ. विपिन द्वारा किया गया। पीड़ित के अनुसार, एक गाय की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है, जबकि दूसरी गाय की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है। इस घटना में बछिया की मौत से पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

पीड़ित पुत्ती लाल का आरोप है कि यह आगजनी की घटना किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानबूझकर की गई है। उन्होंने थाना महमूदाबाद पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही क्षेत्रीय लेखपाल, पशु चिकित्सक एवं अन्य संबंधित अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की अपील की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

