Reading: वंदे मातरम’ के 150 वर्ष: राजीव चौक पर भारतीय वायु सेना बैंड की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति

वंदे मातरम’ के 150 वर्ष: राजीव चौक पर भारतीय वायु सेना बैंड की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति

RamParkash Vats
2 Min Read

DELHI/22 JAN 2026 NIAT

 भारत अपने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में भव्य और प्रेरणादायी समारोहों का आयोजन कर रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर को राष्ट्रीय गौरव और एकता के प्रतीक के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक गायन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा सैन्य बैंडों की विशेष प्रस्तुतियाँ हो रही हैं।

इन्हीं समारोहों की कड़ी में 21 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के राजीव चौक स्थित एम्फीथिएटर में भारतीय वायु सेना (आईएएफ) बैंड ने एक भावनात्मक और जोशीला संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किया। 31 कुशल संगीतकारों से युक्त इस बैंड ने लगभग 45 मिनट की प्रस्तुति में देशभक्ति की भावना को जीवंत कर दिया।

इस विशेष कार्यक्रम में ब्रास, बांसुरी, स्ट्रिंग तथा इलेक्ट्रॉनिक वाद्ययंत्रों के माध्यम से कुल 11 मनमोहक धुनें प्रस्तुत की गईं। प्रस्तुति के मुख्य आकर्षण राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ तथा प्रेरणादायी गीत ‘सिंदूर’ रहे। ‘सिंदूर’ गीत को हालिया ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता, साहस और बलिदान को स्मरण करने के उद्देश्य से विशेष रूप से तैयार किया गया है, जिसने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया गीत भारतीय संस्कृति की आत्मा रहा है और यह सदियों से समाज को जोड़ने तथा प्रेरणा देने का सशक्म ध्यम रहा है। सैन्य परंपराओं में भी संगीत का विशेष स्थान है, जो अनुशासन, एकता और शौर्य का संचार करता है। 1944 में स्थापित भारतीय वायु सेना बैंड भारतीय और पाश्चात्य संगीत की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की सैन्य सांस्कृतिक विरासत का एक सशक्त स्तंभ रहा है।

भारतीय वायु सेना बैंड का उद्देश्य अपने प्रभावशाली और प्रेरक प्रदर्शनों के माध्यम से देशवासियों में देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना, राष्ट्रीय एकता को प्रोत्साहित करना और सशस्त्र बलों की गौरवशाली परंपराओं से जनता को जोड़ना है। ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष के इस ऐतिहासिक उत्सव में वायु सेना बैंड की यह प्रस्तुति निश्चित रूप से एक यादगार क्षण के रूप में दर्ज हो गई।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!