Reading: मनाली को मिलेगी नई पहचान: ₹250 करोड़ की रिवर फ्रंट परियोजना, जोगिंदरनगर-भुबू जोत सुरंग से आपदा में भी रहेगी निर्बाध कनेक्टिविटी

मनाली को मिलेगी नई पहचान: ₹250 करोड़ की रिवर फ्रंट परियोजना, जोगिंदरनगर-भुबू जोत सुरंग से आपदा में भी रहेगी निर्बाध कनेक्टिविटी

RamParkash Vats
2 Min Read

मनाली विधानसभा क्षेत्र देश-विदेश के पर्यटकों के लिए हमेशा से आकर्षण का केंद्र रहा है। हिमाच्छादित पर्वत, हरियाली और कल-कल बहती व्यास नदी यहाँ आने वाले हर सैलानी को मंत्रमुग्ध कर देती है। अब राज्य सरकार मनाली के पर्यटन को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जानकारी दी है कि मनाली में ₹250 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक रिवर फ्रंट परियोजना शुरू की जाएगी। इस परियोजना के तहत व्यास नदी के दोनों किनारों पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए बेहतर सुविधाएँ विकसित की जाएंगी। रिवर वॉक, बैठने की व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और सुरक्षित मनोरंजन स्थल मनाली की पर्यटन छवि को और सशक्त बनाएंगे।

पर्यटन विकास के साथ-साथ आपदा प्रबंधन को भी सरकार ने प्राथमिकता दी है। कुल्लू-मनाली क्षेत्र में भूस्खलन और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान कनेक्टिविटी बाधित होने की समस्या को देखते हुए जोगिंदरनगर से भुबू जोत तक वैकल्पिक सुरंग मार्ग के निर्माण की दिशा में डीपीआर तैयार करने का निर्णय लिया गया है। यह सुरंग मार्ग आपदा के समय कुल्लू-मनाली की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पर्यटन विकास के साथ सुरक्षित और सुदृढ़ इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार और बेहतर सुविधाएँ भी उपलब्ध होंगी।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!