BHARMAR/16/01/2026/RAM PARKASH VATS
हेल्थकेयर विषय विद्यार्थियों को दे रहा व्यवहारिक ज्ञान School Vocational Coordinator विकास चौधरी ने बताया की हेल्थकेयर विषय आज पाठशालाओं में एक महत्वपूर्ण वोकेशनल सब्जेक्ट के रूप में पढ़ाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े व्यावहारिक ज्ञान और रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान करना है। इसी कड़ी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (जीएसएसएस) अमरेला द्वारा सरकार के आदेशानुसार हेल्थकेयर विषय की छात्राओं के लिए एक शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार छात्राओं को विशेष जानकारी देने के उद्देश्य से उन्हें सूर्य अस्पताल, हरनोटा ज्वाली ले जाया गया।
अस्पताल भ्रमण के दौरान छात्राओं ने अस्पताल की कार्यप्रणाली को नजदीक से देखा। विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपने-अपने विभागों की जानकारी देते हुए छात्राओं को प्रैक्टिकल रूप से समझाया। इस दौरान छात्राओं को इमरजेंसी सेवाएं, ओपीडी व्यवस्था, वार्ड मैनेजमेंट, सीटी स्कैन, एक्स-रे, लैबोरेटरी जांच प्रक्रिया सहित अन्य आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने बताया कि किस प्रकार मरीजों की देखभाल की जाती है और स्वास्थ्य सेवाओं में टीम वर्क का क्या महत्व है।
इस संदर्भ में छात्राओं ने बताया कि अस्पताल भ्रमण उनके लिए बेहद ज्ञानवर्धक रहा। उन्होंने कहा कि उन्होंने न केवल मशीनों और चिकित्सा उपकरणों के उपयोग को समझा, बल्कि मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, अनुशासन और सेवा भाव का महत्व भी सीखा। छात्राओं के अनुसार इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से हेल्थकेयर विषय को समझना आसान होता है और भविष्य में इस क्षेत्र में करियर बनाने की प्रेरणा मिलती है।

