Jawali (कांगड़ा)District Crime Reporter Dr. Navneet Kumar Sharma
राजकीय महाविद्यालय जवाली में चल रहे सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर के अंतर्गत स्वयंसेवियों ने समाज सेवा और पशु कल्याण की दिशा में सराहनीय पहल की। शिविर के दौरान एनएसएस स्वयंसेवी श्रीमणिमहेश गौ सेंक्चुरी, खबल पहुंचे, जहां उन्होंने श्रमदान कर गौ संरक्षण एवं स्वच्छता से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर मणिमहेश लंगर सेवादल के वरिष्ठ सदस्य नरेंद्र ‘पिंकी’ विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए पशुओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आमतौर पर लोग भोजन सामग्री को लिफाफों, पन्नियों और पॉलीथिन सहित खुले में फेंक देते हैं। बेसहारा पशु इन खाद्य पदार्थों के साथ पॉलीथिन भी निगल लेते हैं, जिससे उनके पेट में गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो जाती हैं और कई बार उनकी असमय मृत्यु भी हो जाती है।
******मणिमहेश लंगर सेवादल के वरिष्ठ सदस्य नरेंद्र ‘पिंकी’ का संदेश धार्मिक या सामाजिक आयोजनों के बाद लोग भोजन सामग्री को पॉलीथिन, लिफाफों और पैकिंग सहित खुले में फेंक देते हैं। भूख से व्याकुल पशु इन्हें भोजन समझकर खा लेते हैं। पॉलीथिन और प्लास्टिक उनके पेट में जाकर पच नहीं पाते, जिससे आंतों में रुकावट, गंभीर बीमारियां और कई बार दर्दनाक मृत्यु तक हो जाती है। गाय, बैल, कुत्ते और अन्य निराश्रित पशु सड़कों पर भोजन की तलाश में भटकते रहते हैं। प्लास्टिक युक्त कचरा उनके लिए धीमा ज़हर बन जाता है। मणिमहेश लंगर सेवादल के वरिष्ठ सदस्य नरेंद्र ‘पिंकी’ का संदेश अत्यंत महत्वपूर्ण है कि यदि पशुओं को भोजन देना है तो उसे पॉलीथिन और लिफाफों से निकालकर ही दें। साथ ही कचरे को निर्धारित स्थान पर डालें।यदि समाज थोड़ा सा भी संवेदनशील हो जाए, तो असंख्य पशुओं का जीवन बचाया जा सकता है। पशु बोल नहीं सकते, लेकिन उनका दर्द हमारी जिम्मेदारी है।*********
नरेंद्र पिंकी ने लोगों से अपील की कि पशुओं को भोजन खिलाते समय यह सुनिश्चित किया जाए कि उसमें किसी भी प्रकार का प्लास्टिक, लिफाफा या हानिकारक सामग्री न हो। उन्होंने कहा कि गौ सेवा केवल भोजन देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके स्वास्थ्य और जीवन की रक्षा करना भी हमारा नैतिक दायित्व है। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवियों द्वारा किए गए श्रमदान की सराहना करते हुए उनका धन्यवाद किया और कहा कि युवाओं की ऐसी सहभागिता समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होती है।
कॉलेज प्रभारी सुलक्षण शर्मा ने भी स्वयंसेवियों के प्रयासों की प्रशंसा की और कहा कि एनएसएस का उद्देश्य छात्रों में सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है, जिसे स्वयंसेवियों ने बखूबी निभाया है। इस अवसर पर मंजीत कौंडल, प्रेम सिंह, पवन जट्ट, लक्की, रामनाथ शर्मा, जगदीश शर्मा, जतिंदर सोनू, अवतार सिंह, मुन्नू मेहरा, जिम्मी मेहरा, बंटी चौधरी, विक्कू ठाकुर, रमेश चौधरी, सुनील दत्त सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवियों ने गौ संरक्षण, स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त वातावरण का संदेश देने का संकल्प लिया। इस पहल से न केवल छात्रों में सेवा भावना मजबूत हुई, बल्कि समाज को पशु कल्याण के प्रति जागरूक करने का भी सार्थक प्रयास किया गया

