Reading: झज्जर: जर्जर पोल गिरने से 15 वर्षीय बास्केटबॉल खिलाड़ी की मौत, खेल विभाग ने मानी लापरवाही

झज्जर: जर्जर पोल गिरने से 15 वर्षीय बास्केटबॉल खिलाड़ी की मौत, खेल विभाग ने मानी लापरवाही

RamParkash Vats
2 Min Read

झज्जर: जर्जर पोल गिरने से 15 वर्षीय बास्केटबॉल खिलाड़ी की मौत, खेल विभाग ने मानी लापरवाही

बहादुरगढ़/झज्जर/ 26:11;2025 : रोहतक में खिलाड़ी की मौत के बाद अब झज्जर में भी खेल व्यवस्थाओं की बदहाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। राजीव गांधी खेल स्टेडियम में बास्केटबॉल कोर्ट पर अभ्यास करते समय पोल गिरने से 15 वर्षीय खिलाड़ी अमन की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे ने खेल विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।हादसे के बाद सामने आया कि जिस पोल के गिरने से अमन की जान गई, वह वर्षों से खराब हालत में था। पोल का बेस पूरी तरह जंग खा चुका था, लेकिन न शिक्षा विभाग ने, न खेल विभाग ने और न ही स्थानीय प्रशासन ने इसकी मरम्मत की दिशा में कोई कदम उठाया।

“गलती हमारी है” – जिला खेल अधिकारी

दुर्घटना के बाद जिला खेल अधिकारी सत्येंद्र ने विभागीय लापरवाही स्वीकार करते हुए कहा कि—
“गलती तो हमारी ही है। काफी लंबे समय से पोल की कोई रिपेयर नहीं हुई थी। एक होनहार खिलाड़ी की मौत होना हमारे लिए शर्म की बात है।’’उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित की जाएगी, जो स्टेडियम में लगे सभी खेल उपकरणों की तकनीकी जांच करेगी। जहाँ भी उपकरण खराब पाए जाएंगे, उन्हें तुरंत हटाया जाएगा और नए उपकरण लगाने के लिए विभाग से बजट मांगा जाएगा।

वरिष्ठ कोच और स्टेडियम इंचार्ज होंगे जांच में शामिल

जांच समिति में वरिष्ठ कोचों के साथ-साथ राजीव गांधी खेल स्टेडियम के इंचार्ज को भी शामिल किया जाएगा। विभाग का दावा है कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए सभी खेल परिसरों में सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी।हादसे के बाद खिलाड़ियों और अभिभावकों में गहरा रोष है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही ने एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी की जान ले ली। अब देखना होगा कि जांच और सुधार के वादे कितने दिनों में धरातल पर उतरते हैं

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!