शिमला, 23/11/2025 ब्यूरो चीफ विजय समयाल
प्रतिभा सिंह की जगह कमान संभालेंगे; सीएम सुक्खू व यूथ कांग्रेस ने दी बधाई:-
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (HPCC) को नया अध्यक्ष मिल गया है। रेणुका जी से विधायक और पूर्व डिप्टी स्पीकर विनय कुमार को प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे प्रतिभा सिंह का स्थान लेंगे, जो 2021 से यह जिम्मेदारी संभाल रही थीं।विनय कुमार अनुसूचित जाति समुदाय से संबंध रखते हैं और पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे हिमाचल कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भी रह चुके हैं। प्रदेश कांग्रेस की कमान मिलने से पहले उन्होंने डिप्टी स्पीकर पद से अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा, जिसे स्वीकार कर लिया गया। हालांकि उनकी विधायक सदस्यता बरकरार रहेगी।
सीएम सुक्खू की शुभकामनाएँ:
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विनय कुमार को बधाई देते हुए कहा कि उनका लम्बा सार्वजनिक जीवन और संगठनात्मक अनुभव कांग्रेस को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगा। सीएम ने एक्स (Twitter) पर लिखा—“आपका जनसेवा का अनुभव निश्चित ही संगठन को नई दिशा और ताक़त देगा। हम एकजुट होकर कांग्रेस विचारधारा को मजबूत करेंगे।
”यूथ कांग्रेस ने भी जताई खुशी:-
यूथ कांग्रेस ने भी नए प्रदेश अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि विनय कुमार के नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा। एक्स पर पोस्ट किया गया—“विनय कुमार जी को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
”प्रतिभा सिंह का कार्यकाल और राजनीतिक पृष्ठभूमि;-
प्रतिभा सिंह, जो दिवंगत छह बार के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं, 2021 से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष थीं। 2022 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के दौरान भी वे अध्यक्ष पद पर थीं। राजपूत समुदाय से आने वाली प्रतिभा सिंह का हिमाचल की राजनीति में महत्वपूर्ण प्रभाव माना जाता है।हिमाचल में राजपूत समाज की आबादी लगभग 32.72%, जबकि अनुसूचित जाति की आबादी 25.22% है।प्रतिभा सिंह 2004 में मंडी लोकसभा सीट से सांसद चुनी गई थीं। 2024 के लोकसभा चुनाव में उनकी जगह उनके बेटे और हिमाचल सरकार के मंत्री विक्रमादित्य सिंह को टिकट दिया गया था, लेकिन उन्हें भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत से हार का सामना करना पड़ा।

