शिमला, 22/11/2025/ चीफ़ ब्यूरो विजय समयाल : प्रदेश में सुशासन और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार ने डिजिटल प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का मूल उद्देश्य जनता के काम को आसान बनाना और सरकारी प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘My Deed’ सुविधा के माध्यम से अब तक 55,874 रजिस्ट्री बिना किसी कागज़ी कार्यवाही के डिजिटल रूप से पूर्ण हो चुकी हैं। इससे न केवल लोगों का समय बचा है, बल्कि प्रक्रियाओं में तेजी और पारदर्शिता भी आई है। इसके साथ ही राजस्व प्रबंधन पोर्टल पर 1,16,490 आदेश ऑनलाइन उपलब्ध कराए जा चुके हैं, जिससे नागरिकों को अपने दस्तावेज़ों तक तुरंत और सरल पहुँच मिल रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प स्पष्ट है—प्रशासनिक कार्यों में गति लाना, समय की बचत करना और जनता को भरोसेमंद, पारदर्शी सेवाएँ उपलब्ध कराना। मुख्यमंत्री सुक्खू ने यह भी कहा कि जनता का सहयोग और विश्वास ही सरकार को बेहतर काम करने की निरंतर प्रेरणा देता है।प्रदेश सरकार की यह पहल डिजिटल हिमाचल के सपने को मजबूत आधार देने वाली मानी जा रही है।

