न्यूज़ इंडिया आजतकडाट काम कार्यालय भरमाड (KANGRA.H.P.) -संपादक राम प्रकाश वत्स
नगरोटा बगवां में पुलिस ने फर्जी शादियों के जरिए ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह की फर्जी दुल्हन सहित तीन महिलाओं और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन आरोपी पंजाब के बताए जा रहे हैं, जबकि एक महिला और एक पुरुष हिमाचल प्रदेश के निवासी हैं। यह गिरोह कांगड़ा जिले के युवकों की पंजाब की युवतियों से शादी करवाकर कुछ ही दिनों में गहने और नकदी लेकर फरार हो जाता था।
अगस्त की घटना से खुला पूरा जाल
प्रकरण तब उजागर हुआ जब पटियालकड़ क्षेत्र के एक युवक ने अगस्त में पंजाब की युवती से शादी की थी। मात्र 20 दिन बाद वह युवती गहने लेकर फरार हो गई। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की तो शनिवार को आरोपी उसी लड़की की सुजानपुर में नई शादी करवाने जा रहे थे। पीड़ित युवकों ने इन्हें पहचान कर गाड़ी सहित पकड़ लिया और पुलिस थाना नगरोटा बगवां में सौंप दिया।
पीड़ितों की संख्या हो सकती है अधिक
पुलिस की प्रारंभिक जांच में अब तक तीन पीड़ित युवक सामने आए हैं, जिन्होंने लिखित शिकायतों में बताया कि गिरोह स्थानीय लड़कों की पंजाब की युवतियों से शादियां करवाता था और कुछ दिन बाद वही लड़कियां गहने व नकदी लेकर फरार हो जाती थीं। पुलिस का अनुमान है कि ऐसे मामलों की संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है।
गाड़ी से गिरफ्तार हुए आरोपी, बिचौलिया भी शामिल
शनिवार सुबह पुलिस ने पंजाब नंबर की एक गाड़ी में सवार तीन महिलाओं, चालक और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, गिरोह में एक बिचौलिया भी सक्रिय था, जो शादी करवाने के लिए दो लाख रुपये लेता था, जिनमें से एक लाख रुपये कथित पंजाब स्थित मैरिज ब्यूरो को पहुंचाए जाते थे।
अगस्त वाली लड़की भी पकड़ी गई
गिरफ्तार महिलाओं में वह युवती भी शामिल है, जिसने अगस्त में पटियालकड़ गांव के युवक से शादी की थी और बाद में भाग गई थी। पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि लुधियाना, फिरोजपुर और जालंधर की कई लड़कियां इस गिरोह से जुड़ी हुई हैं।
जांच जारी, और नाम आने की संभावना
डीएसपी अंकित शर्मा ने बताया कि पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। जांच में जिन अन्य लोगों के नाम सामने आएंगे, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

