कुमारसैन (शिमला) 02/10/2025 राज्य चीफ़ ब्यूरो विजय समयाल
शनिवार देर रात शिमला जिले के कुमारसैन क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। नारकंडा के पास यात्रियों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें 32 लोग घायल हो गए।

सूत्रों के अनुसार, वाहन रिकांगपिओ से नेपाल जा रहा था। हादसे में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल कुमारसैन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 17 गंभीर घायलों को शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) रेफर कर दिया गया है।

बीएमओ कुमारसैन डॉ. अंकुश ठाकुर ने बताया कि हादसे के बाद सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। मौके पर पहुंची कुमारसैन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।बताया जा रहा है कि ट्रैवलर का चालक राजकुमार वाहन चला रहा था। जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या वाहन पर नियंत्रण खोने की संभावना जताई जा रही है।
स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया तथा रातभर रेस्क्यू अभियान चला। ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से कई घायलों की जान बचाई जा सकी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करते समय सावधानी बरतें और वाहन की स्थिति की जांच अवश्य करें ताकि ऐसे हादसों को टाला जा सके।

