✍️ लेखक – विजय समयाल, राज्य मुख्य ब्यूरो
भूमिका: गरीबों के हक की नई शुरुआत
हिमाचल प्रदेश में गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों (BPL) की नई सूची को लेकर लंबे समय से चल रहा गतिरोध अब खत्म होने जा रहा है। राज्य सरकार ने पंचायतों को सख्त निर्देश दिए हैं कि बीपीएल सूची को अंतिम रूप देकर तुरंत पंचायती राज विभाग को सौंपा जाए।ग्राम सभाओं की दो बैठकों में कोरम पूरा न होने से यह प्रक्रिया अटकी हुई थी। अब तीसरी बैठक में चाहे जितने भी सदस्य उपस्थित हों — उसी के आधार पर सूची को मंजूरी दी जा सकेगी।यह कदम न केवल प्रशासनिक जड़ता को तोड़ने वाला है, बल्कि राजनीतिक रूप से भी यह दिखाता है कि सरकार अब “कल्याण योजनाओं के अमलीकरण” में देरी बर्दाश्त नहीं करेगी।
राजनीतिक दृष्टिकोण: पंचायतों की परीक्षा और सरकार की साख
बीपीएल सूची केवल गरीबों की पहचान का दस्तावेज नहीं, बल्कि यह राजनीतिक दृष्टि से भी बेहद संवेदनशील मुद्दा है।
हर सरकार इस सूची के माध्यम से “गरीबों तक पहुंच” और “सामाजिक न्याय” का दावा करती है। परंतु हकीकत में यह सूची कई बार “राजनीतिक समीकरणों” का शिकार बन जाती है।ग्राम सभाओं में कोरम का न पूरा होना इस बात का संकेत था कि स्थानीय राजनीति ने विकास योजनाओं को बंधक बना रखा था। कुछ लोग जानबूझकर बैठक में अनुपस्थित रहते हैं ताकि सूची पारित न हो सके। इसका सीधा नुकसान उन परिवारों को होता है जो वाकई गरीबी की रेखा के नीचे हैं।अब सरकार का यह फैसला – कि तीसरी बैठक में उपस्थित सदस्यों के आधार पर ही निर्णय होगा –स्थानीय राजनीति पर एक सख्त प्रहार है।यह सरकार के लिए “मील का पत्थर” साबित हो सकता है, बशर्ते कि पारदर्शिता और निष्पक्षता बरकरार रखी जाए।
संख्या का खेल और सामाजिक सच्चाई
केंद्र सरकार ने हिमाचल के लिए 2.82 लाख परिवारों को बीपीएल सूची में शामिल करने का कोटा निर्धारित किया है।
वर्तमान में राज्य में 2.65 लाख परिवार पहले से सूची में हैं, जबकि 2.15 लाख नए परिवारों ने आवेदन किया है।इसका अर्थ यह हुआ कि कुल आवेदन सीमा से लगभग दोगुने हैं — यानी हर पंचायत पर चयन की बड़ी जिम्मेदारी है।यहाँ “सच्चे गरीब” और “राजनीतिक रूप से चयनित” परिवारों में फर्क करना ही असली चुनौती है।पूर्व में भी आरोप लगे कि जिन परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहतर है, वे प्रभाव और पहचान के दम पर सूची में शामिल हो गए, जबकि असली जरूरतमंद बाहर रह गए।
न्याय प्रक्रिया: तीन स्तर की आपत्ति व्यवस्था
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी का नाम गलत तरीके से शामिल या हटाया गया है, तो तीन स्तरों पर आपत्ति दर्ज करवाई जा सकती है —
- ग्राम सभा के समक्ष,
- उपमंडल अधिकारी (SDM) के समक्ष,
- और अंततः उपायुक्त (DC) के समक्ष।
प्रत्येक स्तर पर 30 दिनों का समय तय किया गया है।यह व्यवस्था प्रशासनिक पारदर्शिता की ओर एक कदम है, लेकिन इसकी सफलता इस पर निर्भर करेगी कि क्या अधिकारी “कागजी कार्रवाई” से आगे बढ़कर वाकई जांच करेंगे।
जब योजनाएँ पंचायतों में दम तोड़ देती हैं
पिछले वर्षों में “गरीबी उन्मूलन योजनाएँ” कई बार पंचायत स्तर पर राजनीतिक रस्साकशी और व्यक्तिगत स्वार्थ के कारण दम तोड़ती रहीं।संपादक राम प्रकाश वत्स पहले भी इस विषय पर संपादकीय में लिखा था कि —“बीपीएल सूची वह योजना है जो कागज पर तो गरीबों को सम्मान देती है, पर पंचायत की राजनीति में अपात्रों का उत्सव बन जाती है।”अब सरकार का यह निर्णय — कि तीसरी बैठक में मौजूद सदस्यों के साथ भी सूची पारित की जा सकेगी — न केवल प्रक्रिया को गति देगा, बल्कि यह एक “प्रशासनिक दृढ़ता का संदेश” भी देगा।यह कदम इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि बीपीएल सूची केवल “सुविधाओं की पात्रता” नहीं तय करती, बल्कि आने वाले समय में वोट बैंक की दिशा भी निर्धारित करती है।क्योंकि जिन परिवारों को सूची में जगह मिलेगी, वही भविष्य की योजनाओं — जैसे आवास योजना, मुफ्त राशन, आयुष्मान कार्ड, या पेंशन — का लाभ उठाएंगे।

