कांगड़ा/धर्मशाला:/01/05/2026/राज्य चीफ़ ब्यूरो विजय समयाल
मुख्यमंत्री की बेबसी और व्यवस्था परिवर्तन का खोखला नारा जनता के सामने उजागर : जयराम ठाकुर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष ने कांगड़ा में कहा, सुक्खू सरकार के ‘व्यवस्था परिवर्तन’ की निकली हवा, ठियोग में करोड़ों का पानी घोटाला और टांडा अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली ने खोली दावों की पोल

धर्मशाला/कांगड़ा/01/05/2026 राज्य चीफ़ ब्यूरो विजय समयाल:-जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के ‘व्यवस्था परिवर्तन’ के दावे को पूरी तरह विफल और खोखला बताया है। कांगड़ा प्रवास के दौरान जारी बयान में उन्होंने कहा कि सरकार के दावे जमीनी हकीकत से कोसों दूर हैं और विभिन्न क्षेत्रों से सामने आ रही अव्यवस्था व भ्रष्टाचार की घटनाएं इसकी पोल खोल रही हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने टांडा मेडिकल कॉलेज की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि यहां कार्डियोलॉजी जैसे महत्वपूर्ण विभाग की ओपीडी बंद रहने से मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर स्वास्थ्य सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के चलते जरूरी सेवाएं ठप पड़ी हैं, जिससे मरीजों को बिना उपचार लौटना पड़ रहा है।उन्होंने धर्मशाला में आयोजित कांग्रेस के मंथन शिविर पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी के भीतर ही असंतोष की स्थिति है और कार्यकर्ताओं को उचित महत्व नहीं मिल रहा। इस संदर्भ में उन्होंने राहुल गांधी के दौरे पर भी सवाल उठाए।

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए जयराम ठाकुर ने ठियोग में सामने आए कथित पानी घोटाले का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जल संकट के दौरान पानी की आपूर्ति के नाम पर करोड़ों रुपये के फर्जी बिल बनाए गए, जिनमें वाहनों के नंबर तक गलत पाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना निविदा प्रक्रिया के ठेके आवंटित किए गए और नियमों की अनदेखी कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया।उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में विभागीय अधिकारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है और बिना उचित सत्यापन के भुगतान किए गए। साथ ही आरोप लगाया कि लोगों को साफ पानी के बजाय दूषित पानी की आपूर्ति कर उनके स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया गया।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जहां एक ओर संस्थानों को बंद करने में लगी रही, वहीं दूसरी ओर मौजूदा संस्थानों की हालत सुधारने में विफल रही है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ती अव्यवस्था को लेकर जनता में रोष है और यदि हालात में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले समय में सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि आगामी पंचायतीराज और स्थानीय निकाय चुनावों में जनता कांग्रेस को जवाब देने के लिए तैयार है।कांगड़ा दौरे के दौरान जयराम ठाकुर का पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने पूर्व मंत्री सरवीण चौधरी के परिवार में आयोजित विवाह समारोह में भी शिरकत कर नवदंपति को आशीर्वाद दिया।

