Reading: संपादकीय मंथन, चिंतन और विश्लेषण: “गरीबों से छलावा और अमीरों की चांदी”सरकारी योजनाओं की पोल खोलती हिमाचल की फर्जी राशन सूची

संपादकीय मंथन, चिंतन और विश्लेषण: “गरीबों से छलावा और अमीरों की चांदी”सरकारी योजनाओं की पोल खोलती हिमाचल की फर्जी राशन सूची

RamParkash Vats
8 Min Read
(संपादकीय मंथन, चिंतन और विश्लेषण)संपादक राम प्रकाश,

कल्याणकारी योजनाओं में फरेब का जाल: हिमाचल प्रदेश, जिसे ईमानदारी और पारदर्शिता की धरती कहा जाता है, आज एक ऐसी सच्चाई से दो-चार हो रहा है जिसने सरकारी तंत्र की जड़ों को हिला दिया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ताज़ा जांच में लगभग 40,000 अपात्र लाभार्थियों का खुलासा हुआ है, जो अंत्योदय अन्न योजना और गरीबी रेखा से नीचे (BPL) श्रेणी के तहत धोखाधड़ी से राशन और सब्सिडी का लाभ उठा रहे थे।यह संख्या केवल आंकड़ा नहीं, बल्कि उस व्यवस्था का आईना है जहाँ गरीब की थाली से निवाला छीनकर अमीर के घर तक सरकारी अनाज पहुँच जाता है। सरकारी स्रोतों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह फर्जीवाड़ा कोई नया नहीं बल्कि वर्षों से गहराई तक फैला हुआ है। सवाल यह है कि जब योजनाओं का उद्देश्य गरीबों तक राहत पहुँचाना था, तो आखिर ये राहत किसकी जेब में चली गई ।

नाकामी और जिम्मेदारी – कौन है दोषी--यह घोटाला सिर्फ कुछ कर्मचारियों की लापरवाही नहीं, बल्कि एक सिस्टम की नाकामी का प्रतीक है। जब खाद्य आपूर्ति विभाग, पंचायत सचिव, पटवारी और ब्लॉक अधिकारी—सभी स्तर पर निगरानी की जिम्मेदारी रखते हैं—तो यह फर्जीवाड़ा आखिर हुआ कैसे ।क्या यह केवल पंचायतों की लापरवाही है, ब्लॉक स्तर की मिलीभगत है या फिर विभागीय ढीलेपन की देन । सूत्रों के अनुसार, कुछ पंचायतों में इजलास (ग्राम सभा) का आयोजन केवल औपचारिकता बनकर रह गया है। तीन बार quorum पूरा न होने पर भी पंचायत को एकतरफा अधिकार मिल जाता है, और वहीं से शुरू होती है “फर्जी पात्रता” की फसल।इस पूरी प्रक्रिया में न तो वास्तविक गरीब की आवाज़ सुनी जाती है, न उसकी फाइल आगे बढ़ती है। परिणामस्वरूप – सिस्टम की ढाल के पीछे भ्रष्टाचार फलता-फूलता है और जिम्मेदारी हवा में गायब हो जाती है।

नियमों की अनदेखी और जनभावना की हार : अगर नियमों के तहत सही जांच हो, तो विशेषज्ञों का कहना है कि फर्जी लाभार्थियों का आंकड़ा लाखों में पहुँच सकता है। पंचायतों में जब आमजन सभा होती है, तो उस पर दबदबा “बहुवलियों” यानी प्रभावशाली परिवारों का होता है। गरीब परिवार न तो विरोध कर पाता है, न ही अपनी पात्रता की रक्षा।
इस तरह ग्राम स्तर पर लोकतंत्र का स्वरूप “कागज़ी” रह जाता है।मंथन का सार यही है कि जिन पर इन योजनाओं को अपने उद्देश्य तक पहुँचाने की जिम्मेदारी है, वही इसे भ्रष्टाचार के भंवर में फंसा देते हैं।राजनीतिक दबाव, रिश्तेदारी, वोट बैंक और स्थानीय सत्ता की सांठगांठ—इन चारों का मिश्रण मिलकर यह तय करता है कि “पात्र कौन” और “अपात्र कौन”।

आंकड़ों की सच्चाई और योजनाओं का भटकाव : विचारणीय तथ्य यह है कि इन जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रति वर्ष अरबों रुपये खर्च किए जाते हैं। लेकिन जब इनका उद्देश्य ही भटक जाता है, तो प्रश्न उठता है – क्या सरकारी निगरानी तंत्र सिर्फ “कागज़ पर आंकड़े” गिनने के लिए रह गया है?खाद्य आपूर्ति विभाग की जांच रिपोर्ट के अनुसार, हजारों ऐसे परिवार हैं जिनकी आय और भूमि सीमा पात्रता से कई गुना अधिक है, फिर भी उन्होंने गरीबों के हिस्से की रोटी पर कब्जा जमाया हुआ है।
इसका सीधा मतलब यह है कि जो परिवार आर्थिक रूप से सक्षम हैं, वे भी “BPL कार्ड” बनवाकर सब्सिडी वाले अनाज का लाभ उठा रहे हैं, जबकि असली गरीब अब भी लाइन में खड़ा है।यह न केवल नैतिक अपराध है, बल्कि नीतिगत दिवालियापन का उदाहरण भी।

सरकारी प्रयास और प्रशासनिक चुनौतियाँ:जांच के बाद विभाग ने निर्देश जारी किए हैं कि पटवारियों और पंचायत सचिवों से भूमि एवं आय संबंधी रिकॉर्ड की पुष्टि करवाई जाए। इसके साथ ही पात्रता सीमा से अधिक लाभ लेने वालों की सूची तैयार की जा रही है ताकि उनके नाम तुरंत काटे जा सकें।सरकारी सूत्र बताते हैं कि यह अभियान “कठोर सत्यापन” के रूप में पूरे प्रदेश में जारी है। लेकिन वास्तविकता यह है कि स्थानीय स्तर पर शिकायतों का निपटारा लीपापोती से किया जाता है।कई उपभोक्ताओं ने विभाग को शिकायतें दीं, मगर वे फाइलों में दफन होकर रह गईं।अगर समय रहते इन शिकायतों पर कार्रवाई की जाती, तो आज स्थिति इतनी भयावह नहीं होती प्रशासन की सबसे बड़ी कमजोरी यही रही कि उसने छोटी गड़बड़ियों को नजरअंदाज कर दिया, जो बाद में बड़ा घोटाला बन गईं।

योजनाओं के दिवालियापन का संकेत : अगर इस स्तर पर हिमाचल जैसी छोटी लेकिन संवेदनशील राज्य व्यवस्था में यह फर्जीवाड़ा हो सकता है, तो बाकी योजनाओं की स्थिति का अनुमान लगाया जा सकता है।
सोचिए, अगर राशन कार्ड योजना जैसी बुनियादी व्यवस्था में ही लाखों रुपये की लूट मची है, तो पेंशन, आवास और मनरेगा जैसी योजनाओं का क्या हाल होगा?यह पूरा मामला केवल धन का नहीं, बल्कि लोकतंत्र की विश्वसनीयता का संकट है।जब जनता का विश्वास सरकार पर से डगमगाने लगता है, तो योजनाओं की उपयोगिता अपने आप संदिग्ध हो जाती है।अब यह सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है कि वह न केवल अपात्र लाभार्थियों से रिकवरी करे, बल्कि दोषियों की पहचान कर कड़ी सजा सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य कोई “गरीब के नाम पर अमीर की चांदी” न काट सके।

मंथन, चिंतन और दिशा का सवाल : अब समय आ गया है कि सरकार “समीक्षा नहीं, सुधार” की दिशा में कदम उठाए।
फर्जी लाभार्थियों से रिकवरी जितनी आवश्यक है, उतनी ही जरूरी है पात्र गरीबों की पुनः पहचान।
पंचायत स्तर पर पारदर्शी ई-वेरीफिकेशन प्रणाली, विभागीय ऑडिट, और सार्वजनिक निगरानी तंत्र की स्थापना से ही इस विकृति को रोका जा सकता है।सच्चाई यह है कि गरीब के नाम पर बनने वाली योजनाएँ जब राजनीतिक और प्रशासनिक मिलीभगत का साधन बन जाती हैं, तो वे समाज के लिए श्राप बन जाती हैं।
आज मंथन का यही विषय है—क्या सरकार उस गरीब के आंसू पोंछ पाएगी, जिसका हक वर्षों से छीन लिया गया ।
अगर नहीं, तो ये योजनाएँ सिर्फ आंकड़ों का उत्सव और गरीबों के नाम पर छलावे की पटकथा बनकर रह जाएंगी। रे संपादकीय दृष्टिकोण (Editorial Perspective) में विभाग की नाकामी नहीं, बल्कि पूरे तंत्र की मानवता पर हार का बयान है।
जब तक “जनसेवा” को “राजनीति और रियासत” से मुक्त नहीं किया जाएगा, तब तक हिमाचल ही नहीं, पूरा भारत “गरीबों के नाम पर अमीरों की चांदी” की कहानी लिखता रहेगा ।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!