महमूदाबाद (सीतापुर)/25/09/2025/राज्य चीफ ब्यूरो-अनुज कुमार जैन
कल रात लगभग 10 बजे नहर कॉलोनी रोड स्थित मनोहर लॉन के पास एक तेंदुआ घूमता हुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ। फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन और वन विभाग को जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची, लेकिन उन्होंने केवल सीसीटीवी फुटेज चेक करने तक ही कार्रवाई की। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि रात में ही कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जाता तो तेंदुआ पकड़ में आ सकता था या उसके मूवमेंट का पता चल जाता।
लोगों का कहना है कि अब भी यदि गंभीरता से प्रयास किए जाएँ तो तेंदुए को पकड़ा जाना संभव है। क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है क्योंकि आने वाले दिनों में नवरात्रि पूजा, दशहरा और कई शुभ कार्य होने हैं। ऐसे में लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि त्योहारों की खुशियों को फीका न पड़ने दिया जाए और तत्काल तेंदुए की तलाश व सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए जाएं।

