नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा से बंद सड़कों के कारण किसानों-बागवानों का भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि जल्द से जल्द सड़क बहाली और तीनों प्रमुख क्षेत्रों—बागबानी, कृषि और पर्यटन—में राहत पैकेज सुनिश्चित किया जाए।
शिमला/23/09/2025/राज्य चीफ़ ब्यूरो विजय समयाल
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राज्य में आई आपदा और उससे प्रभावित सड़क नेटवर्क पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि बंद सड़कों के कारण गाड़ियां फंसी हुई हैं और बागबानी व कृषि उत्पाद समय पर बाजार तक नहीं पहुंच पा रहे। इसका सबसे ज्यादा खामियाजा सेब उत्पादकों और सब्जी उगाने वाले किसानों को उठाना पड़ रहा है। कई जगहों पर सेब और सब्जियां सड़ने लगी हैं, जिससे किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से बागबानी, कृषि और पर्यटन पर टिकी हुई है। दुर्भाग्यवश, यही तीनों क्षेत्र आपदा से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि प्रभावित परिवारों और कारोबारियों को तत्काल राहत पहुंचाई जाए।
उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार को प्राथमिकता के आधार पर अधिक से अधिक सड़कों को तुरंत खोलना चाहिए। सड़कें बहाल होने से न केवल किसानों-बागवानों को राहत मिलेगी, बल्कि बाजार तक आपूर्ति भी सुचारू होगी और पर्यटक भी प्रदेश में आसानी से आ-जा सकेंगे।

