Reading: हिम केयर योजना पर मुख्यमंत्री के बयान को लेकर नेता प्रतिपक्ष का पलटवार, बोले- प्रदेश के डॉक्टरों की दक्षता और गरिमा पर सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण

हिम केयर योजना पर मुख्यमंत्री के बयान को लेकर नेता प्रतिपक्ष का पलटवार, बोले- प्रदेश के डॉक्टरों की दक्षता और गरिमा पर सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण

RamParkash Vats
3 Min Read

हिम केयर योजना को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बयान पर नेता प्रतिपक्ष ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि हिम केयर योजना को लेकर लगातार झूठे और शर्मनाक बयान देकर मुख्यमंत्री न केवल इस जनकल्याणकारी योजना को बदनाम करने का निम्नस्तरीय प्रयास कर रहे हैं, बल्कि प्रदेश के डॉक्टरों की व्यावसायिक दक्षता और उनकी पवित्र पेशेवर भावना पर भी सवाल उठा रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत दिए गए लिखित जवाब में पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि वर्ष 2019 से 2022 के बीच आईजीएमसी शिमला, डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा और प्रदेश के अन्य अस्पतालों में किसी भी पुरुष की बच्चेदानी का ऑपरेशन नहीं हुआ है। ऐसे में मुख्यमंत्री की ओर से इस प्रकार के बयान देना तथ्यों से परे और प्रदेश के चिकित्सा समुदाय की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला है।उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अपनी सरकार के चार वर्षों के कार्यकाल में कोई बड़ी उपलब्धि हासिल नहीं कर पाए हैं। यही वजह है कि वह अपनी उपलब्धियों को सामने रखने के बजाय दूसरों के कार्यों और योजनाओं पर सवाल उठाने में लगे हुए हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आज प्रदेश सरकार के पास जनता के सामने प्रस्तुत करने के लिए अपनी कोई बड़ी योजना या उपलब्धि नहीं है। इसके विपरीत, हिम केयर जैसी योजना, जिसने आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार में राहत प्रदान की है, मुख्यमंत्री को लगातार निशाने पर दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जैसी संवेदनशील व्यवस्था और डॉक्टरों के सम्मान से जुड़े विषयों पर मुख्यमंत्री को जिम्मेदारी और पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप अपनी जगह हैं, लेकिन प्रदेश के डॉक्टरों की ईमानदारी, कार्यक्षमता और पेशेवर निष्ठा पर सवाल उठाना उचित नहीं है।नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे तथ्यों के आधार पर बात करें और जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं को राजनीतिक विवाद का विषय बनाने के बजाय प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर ध्यान दें।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!