नूरपुर से विनय महाजन: भारत एक विशाल लोकतंत्र के रूप में विश्वविख्यात है और इसमें जनता के माध्यम से चुनी गई सरकार को सदैव अधिमान दिया जाता है। चुनाव हर पांच वर्ष में लोकतांत्रिक व्यवस्था के अंतर्गत करवाए जाते हैं और इसमें चुनाव आयोग की अग्रणी भूमिका रहती है।

चुनाव आयोग के द्वारा मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित मतदाता साक्षरता क्लब विभिन्न गतिविधियों के आयोजन से जनता को मताधिकार के प्रति जागरूक करते हैं। इसी कड़ी मे नूरपुर विधानसभा के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों में आज मतदाता साक्षरता क्लब के सौजन्य से निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित करवाई गई l इसमें ‘मताधिकार का महत्व’ व ‘निष्पक्ष चुनाव हेतु त्रुटिहीन मतदाता सूची’ विषय प्रमुख रहे। प्रतियोगिता उपमंडल अधिकारी (नागरिक) नूरपुर अरुण शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में करवाई गई। इन गतिविधियों में नूरपुर विधानसभा के विभिन्न विद्यालयों से लगभग 150 विद्यार्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई।

ई एल सी नोडल अधिकारी वरुण शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एस डी एम नूरपुर के निर्देशानुसार यह प्रतियोगिता सभी बीएलओ सुपरवाइजर और बूथ लेवल अधिकारियों के सहयोग से सुव्यवस्थित ढंग से करवाई गई l इसके परिणाम डॉक्टर रोहित कुमार, सहायक आचार्य व रजनीश अत्री, निर्वाचन कानूनगो के मार्गदर्शन में घोषित किए गए। प्रतियोगिता के माध्यम से दोनों ही गतिविधियों में कुल 20 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है जोकि भविष्य में जिला- स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इलेक्ट्रीराल लिटरेसी क्लब नूरपुर और संबंधित विभाग के द्वारा सभी बी एल ओ सुपरवाइजर और बूथ लेवल अधिकारियों, डाटा एंट्री ऑपरेटर सुनील कुमार सहित घनश्याम, साहिल, सुरेंद्र व अन्य का सफल आयोजन के लिए आभार जताया गया।

