त्योहार की खुशियों के बीच पुलिस जवानों ने निभाई जिम्मेदारी, यातायात नियंत्रण से लेकर कानून-व्यवस्था तक रही कड़ी निगरानी

नूरपुर से विनय महाजन:-दीपावली का त्योहार जहां आमजन के लिए खुशियों, रोशनी और परिवार के साथ समय बिताने का विशेष अवसर होता है, वहीं पुलिस विभाग के जवानों के लिए यह समय और अधिक जिम्मेदारी निभाने का होता है। जब लोग अपने घरों में दीप जलाकर दीपावली का उत्सव मना रहे होते हैं, उस समय पुलिस के जवान सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर तैनात रहकर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटे रहते हैं।

इसी कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना का परिचय कांगड़ा पुलिस ने दीपावली के अवसर पर दिया। त्योहार के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस जवानों द्वारा लगातार गश्त, वाहनों की जांच और यातायात व्यवस्था की निगरानी की गई। पुलिस का मुख्य उद्देश्य त्योहार के दौरान सड़कों पर सुचारू यातायात बनाए रखना, सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना तथा कानून एवं व्यवस्था की स्थिति को सामान्य बनाए रखना रहा।
कांगड़ा पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर वाहनों की चेकिंग के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी गई। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस की मौजूदगी से यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने तथा आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन का वातावरण उपलब्ध करवाने का प्रयास किया गया।

पुलिस विभाग के जवानों की यह ड्यूटी केवल एक सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति उनके समर्पण और कर्तव्यबोध का भी परिचायक है। त्योहारों के दौरान जब अधिकांश परिवार एक साथ खुशियां मना रहे होते हैं, तब पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर समाज की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हैं।
कांगड़ा पुलिस ने अपने संदेश में स्पष्ट किया कि हर नागरिक का सुरक्षित रहना, हर सफर को सुरक्षित बनाना और प्रत्येक सड़क पर यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
कांगड़ा पुलिस का संदेश भी स्पष्ट है—कर्तव्य सर्वोपरि और जनसेवा ही धर्म। आपकी सुरक्षा ही हमारा संकल्प है।

