Reading: धर्मशाला में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज सहित दिग्गज नेताओं ने लिया भाग

धर्मशाला में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज सहित दिग्गज नेताओं ने लिया भाग

RamParkash Vats
3 Min Read

गांधी वाटिका से हनुमान मंदिर कचहरी अड्डा तक निकली पदयात्रा, कांग्रेस सरकार की नीतियों, चुनावी वादों और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर भाजपा ने उठाए सवाल

धर्मशाला भारतीय जनता पार्टी द्वारा शुक्रवार को धर्मशाला में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस पदयात्रा में कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।पदयात्रा गांधी वाटिका, कोतवाली बाजार से आरंभ होकर कचहरी अड्डा स्थित हनुमान मंदिर तक निकाली गई। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के अभियान से जुड़े नारे लगाते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करने का संदेश दिया।

See Viedo—पदयात्रा गांधी वाटिका, कोतवाली बाजार से आरंभ होकर कचहरी अड्डा स्थित हनुमान मंदिर तक निकाली गई।

इस अवसर पर सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज की मौजूदगी विशेष रूप से चर्चा में रही। उनके साथ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार, धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा, कांगड़ा के विधायक पवन काजल सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।भाजपा नेताओं ने अपने संबोधन और पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस पार्टी की राजनीतिक कार्यप्रणाली, चुनावी प्रक्रिया तथा प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। पार्टी नेताओं का आरोप रहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है। भाजपा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस के विरोध पर भी सवाल उठाए।

भाजपा नेताओं ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार से चुनाव के दौरान जनता को दी गई दस गारंटियों का हिसाब देने की मांग उठाई। रोजगार, महिलाओं को आर्थिक सहायता, कर्मचारियों के हित, किसानों-बागवानों की समस्याएं, प्रदेश की आर्थिक स्थिति और विकास कार्यों की प्रगति जैसे विषयों को भी राजनीतिक विमर्श के केंद्र में रखा गया।पार्टी नेताओं का कहना था कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका सरकार से सवाल पूछना और जनहित के मुद्दों को उठाना है। जनता को अपने अधिकारों, चुनावी वादों और सरकार के कामकाज का हिसाब मांगने का पूरा अधिकार है।

इस पदयात्रा में पूर्व मंत्री सरवीन चौधरी, पूर्व विधायक अरुण कुमार मेहरा, विशाल नैहरिया, मुल्क राज प्रेमी, रवि धीमान, ठाकुर अर्जुन सिंह, रीता धीमान, विधायक ठाकुर रणवीर सिंह निक्का, भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, संजय शर्मा, विनय शर्मा, संजय गुलेरिया, पंकज जम्वाल, विनोद ठाकुर, संजीव शर्मा और विश्व चक्षु सहित पार्टी के विभिन्न संगठनात्मक जिलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।भाजपा ने धर्मशाला से शुरू हुए इस अभियान को प्रदेश के अन्य संसदीय क्षेत्रों और जिलों तक ले जाने की बात कही है। पार्टी का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जनता के बीच जाकर सरकार के चुनावी वादों, नीतियों और कार्यकाल का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!